नाथद्वारा (प्रात:काल संवाददाता)। पुष्टिमार्गीय प्रधान पीठ श्रीजी मंदिर के तिलकायत महाराज श्री राकेश जी के पावन आशीर्वाद एवं गोस्वामी विशाल बाबा की प्रेरणा से सोमवार को मोहिनी एकादशी के पवित्र अवसर पर स्थानीय गोकलदास खीमजी दत्तानी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (नई हवेली) में नवनिर्मित शीतल जल मंदिर का गरिमामय समारोह में लोकार्पण संपन्न हुआ। संस्था प्रधान राजेश्वर त्रिपाठी के अनुसार, इस जनकल्याणकारी सेवा का निर्माण मुंबई निवासी भामाशाह गिरीश शाह द्वारा कराया गया है। इसी कड़ी में प्रेरक ललित नागदा के विशेष प्रयासों से मुंबई के ही भाटिया परिवार द्वारा छात्रहित में वाटर कूलर एवं आरओ सिस्टम उपलब्ध कराया गया है, जबकि गोलोकवासी ऋषिकेश शाह की पुण्य स्मृति में जल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सीमेंट की टंकी का निर्माण करवाया गया।

सोमवार को आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में श्रीजी मंदिर मंडल के अधिकारी सुधाकर शास्त्री, पंड्या परेश नागर, भाजपा जिला मंत्री प्रदीप काबरा एवं सांसद प्रतिनिधि कमलेश अजमेरा ने विधिवत रूप से फीता काटकर जल मंदिर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से हरिकांत पालीवाल ने आगंतुक अतिथियों का माल्यार्पण कर एवं उपरना ओढ़ाकर भावभीना स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान जयंतीलाल खत्री, गिरिराज धोबी, प्रतिमा सनाढ्य, करुणा सनाढ्य, आलोक पुरोहित, विनोद पुरोहित, तिलकेश त्रिपाठी, गुरदयाल सिंह चौहान, लक्ष्मी गोरवा, श्रीजी लाल सनाढ्य और वैशाली सोनी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में स्थापित यह जल मंदिर भीषण गर्मी के दौर में विद्यार्थियों और आमजन के लिए शीतलता का मुख्य केंद्र बनेगा, जो सेवा और परोपकार की एक अनुपम मिसाल है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story