नाथद्वारा। विश्व प्रसिद्ध पुष्टिमार्गीय प्रधानपीठ श्रीजी नगरी अब धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ आधुनिक स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल के नए केंद्र के रूप में अपनी पहचान दर्ज कराने जा रही है। नगर के प्रवेश मार्ग पर स्थित कमल चौक, जो कभी नगर पालिका क्षेत्र में एक अनुपयोगी डेड लैंड के रूप में उपेक्षित था, अब कायाकल्प के बाद एक भव्य स्पोर्ट्स, फिटनेस और टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया गया है। माधव हॉस्पिटैलिटी द्वारा संचालित इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य नाथद्वारा में विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स और फिटनेस इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देना है।

इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की सबसे प्रमुख विशेषता यहाँ तैयार किया गया राजसमंद जिले का सबसे बड़ा और आधुनिक मल्टीपर्पज टर्फ ग्राउंड है। लगभग 12,000 वर्गफीट क्षेत्र में फैला और 35 फीट की ऊंचाई वाला यह ग्राउंड अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। इसमें फीफा अप्रूव्ड 50 एमएम हाई क्वालिटी टर्फ का उपयोग किया गया है, जो क्रिकेट और फुटबॉल के प्रोफेशनल खिलाड़ियों को बेहतरीन सुरक्षा और सटीक बॉल बाउंस जैसी सुविधाएं प्रदान करता है। इसी प्रकार, कमल चौक में जिले का पहला अत्याधुनिक पिकलबॉल कोर्ट भी तैयार किया गया है। लगभग 3,500 वर्गफीट क्षेत्र में बने इन दो हाई-लेवल कोर्ट्स में एस्फाल्ट सर्फेस और 8-लेयर वॉल तकनीक का प्रयोग किया गया है। चोट से बचाव वाली इंजरी-मुक्त तकनीक से निर्मित इन कोर्ट्स का उद्घाटन आगामी 25 मई तक प्रस्तावित है।

पर्यटन और मनोरंजन के दृष्टिकोण से भी यह स्थल अत्यंत आकर्षक होगा। यहाँ इंडोनेशिया के बाली शहर के डिजाइन से प्रेरित एक विशाल फूड कोर्ट का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न फूड ब्रांड्स उपलब्ध होंगे और एक साथ 1,000 पर्यटकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके अतिरिक्त, प्रोजेक्ट में मैरिज एवं पार्टी प्लॉट, स्विमिंग पूल, जिम, ओपन एयर थिएटर और इल्यूजन पार्क जैसी आधुनिक सुविधाएं सम्मिलित हैं। प्रोजेक्ट के भूपेश भाटिया के अनुसार, निर्माण में ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और दुबई के अंतरराष्ट्रीय मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए यहाँ ईको-फ्रेंडली डिजाइन, ऊर्जा बचाने वाली लाइटिंग और अत्यधिक ओपन ग्रीन स्पेस का संयोजन किया गया है। यह केंद्र केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नाथद्वारा की नई पहचान बनकर युवाओं, खिलाड़ियों और पर्यटकों के लिए खेल, फिटनेस और पारिवारिक मनोरंजन का एक समग्र डेस्टिनेशन साबित होगा।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story