नाथद्वारा में 132 केवी जीएसएस पर ब्लास्ट, पांच क्षेत्रों में बिजली गुल
नाथूवास जीएसएस के सीटीपीटी सेट में तकनीकी खराबी के कारण फतहनगर सहित कई इलाकों में तीन घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही, जिससे आमजन को परेशानी हुई।

बुधवार देर रात 132 केवी जीएसएस नाथुवास पर सिटीपीटी सेट में अचानक हुए तेज धमाके के साथ ब्लास्ट ने पूरे उपखंड नाथद्वारा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को ठप कर दिया। तकनीकी खराबी के चलते नाथद्वारा उपखंड से जुड़े सभी 33 केवी फीडरों की विद्युत आपूर्ति तत्काल प्रभाव से बंद करनी पड़ी, जिससे फतहनगर सहित आसपास के कई क्षेत्र अंधेरे में डूब गए।
जानकारी के अनुसार रात करीब 10:30 बजे 132 केवी जीएसएस नाथुवास पर लगे सिटीपीटी सेट में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ। घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से नाथद्वारा उपखंड से संबंधित सभी 33 केवी फीडरों की सप्लाई बंद कर दी गई। इसके चलते नाथद्वारा शहर, खमनौर, देलवाड़ा, बिलौता तथा फतहनगर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई।
विद्युत आपूर्ति ठप होने की सूचना मिलते ही प्रसारण निगम के अधिकारी एवं तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गए। सहायक अभियंता, प्रसारण निगम द्वारा प्रारंभिक रूप से सप्लाई बहाल करने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगने का अनुमान जताया गया था, लेकिन तकनीकी खराबी अधिक जटिल होने के कारण मरम्मत कार्य में अपेक्षा से अधिक समय लग गया और विद्युत आपूर्ति देर रात तक बाधित रही।
बिजली गुल होने से घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद हो गए, जिससे भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ गई। रात के समय छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सर्वाधिक कठिनाई का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में लोग गर्मी से राहत पाने के लिए घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर बैठने को मजबूर हो गए।
लगातार करीब तीन घंटे से अधिक समय तक अंधेरे और गर्मी के कारण आमजन में असंतोष और नाराजगी भी देखने को मिली। अंततः देर रात करीब पौने दो बजे विद्युत आपूर्ति बहाल की गई, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। निगम के कर्मचारियों ने पूरी रात मशक्कत कर फॉल्ट को दुरुस्त किया और सप्लाई को पुनः सुचारू किया।
यह घटना एक बार फिर विद्युत तंत्र की तकनीकी संवेदनशीलता और आपात स्थिति में त्वरित सुधार व्यवस्था की आवश्यकता को उजागर करती है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन कई घंटों तक बाधित रहा।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
