कोटा में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
कोटा के माँ भारती एम.बी. नर्सिंग कॉलेज में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कोटा में भारत सरकार के “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा द्वारा बुधवार को माँ भारती एम.बी. नर्सिंग कॉलेज में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ युवा, सशक्त राष्ट्र और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना था। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा श्री नरेश बुन्देल ने कहा कि “एक नशा-मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।” उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, शिक्षित, जागरूक, अनुशासित और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
श्री बुन्देल ने कहा कि “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” केवल एक जागरूकता अभियान नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली, खेल, योग, कौशल विकास, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला जन-अभियान है। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रतिभा, पारिवारिक जीवन और सामाजिक जिम्मेदारियों को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सहायक निदेशक श्री रामेश्वर लाल मीणा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2 अगस्त 2026 को 100 सप्ताह के “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प अभियान का शुभारंभ किया है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा MY Bharat मंच के माध्यम से संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत देशभर के 10 हजार स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य उसके युवाओं पर निर्भर है। यदि युवा स्वस्थ, शिक्षित और नशे से मुक्त होंगे तो भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही रैली और मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
मेरा भारत युवा केंद्र, कोटा के जिला युवा अधिकारी श्री सचिन पटोदिया ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय इस अभियान के अंतर्गत जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा, जिनके माध्यम से युवाओं की भागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस अवसर पर माँ भारती एम.बी. नर्सिंग कॉलेज के निदेशक दिनेश विजय एवं प्राचार्य श्री मंथन तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन तकनीकी सहायक श्री प्रेम सिंह यादव ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, मेरा भारत युवा केंद्र कोटा के कर्मचारी, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के अधिकारी, MY Bharat के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम ने युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
