शिक्षक नरेश कुमार लोहार को मिला जिला स्तरीय भामाशाह प्रेरक सम्मान
राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग ने जनजाति क्षेत्र के स्कूलों में नवाचार और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए लगातार चौथे वर्ष यह पुरस्कार दिया है।

उदयपुर के राजकीय रेजिडेंसी उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह के दौरान मंच पर मौजूद अतिथि और अधिकारी शिक्षक नरेश कुमार लोहार को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र सौंपते हुए।
जनजाति क्षेत्र के 300 से अधिक विद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों तक शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक सहायता पहुंचाकर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अध्यापक नरेश कुमार लोहार को शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा लगातार चौथे वर्ष जिला स्तरीय भामाशाह प्रेरक शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। झाड़ोल उपखंड के मगवास गांव निवासी नरेश कुमार लोहार वर्तमान में राजकीय प्राथमिक विद्यालय घाटाफला दमाणा में कार्यरत हैं और पिछले दस वर्षों से शिक्षा जगत में नवाचारों के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों एवं विद्यालयों तक संसाधन उपलब्ध कराने का अभियान चला रहे हैं।
अध्यापक नरेश कुमार लोहार भामाशाह प्रेरक की भूमिका निभाते हुए सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से भामाशाहों को प्रेरित कर जनजाति क्षेत्र के जरूरतमंद विद्यालयों एवं विद्यार्थियों तक सहायता पहुंचा रहे हैं। उन्होंने हर हाथ कलम अभियान, अभियान गुलाबी सर्दी, मिशन चरणकमल, प्रोजेक्ट मॉडल स्कूल, मिशन स्मार्ट क्लास रूम, मिशन नवोदय, मिशन एनएमएमएस, अभियान दिव्यांगम, अभियान सहारा, अभियान वस्त्रम तथा अभियान वृक्षम् सहित अनेक अभियानों के माध्यम से पिछले दस वर्षों में विभिन्न विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों तक व्यापक सहयोग पहुंचाया है।
इन अभियानों के अंतर्गत विद्यार्थियों को नोटबुक, पेन, पेंसिल, इरेज़र, शार्पनर, ड्राइंग बुक्स, कपड़े, स्वेटर, जूते, चप्पल और वॉटर बॉटल उपलब्ध कराई गईं। वहीं विद्यालयों को स्मार्ट टीवी, साउंड सिस्टम, प्रोजेक्टर, इलेक्ट्रॉनिक बेल, कंप्यूटर सेट, दरियां, फर्नीचर, शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक खिलौना सेट उपलब्ध कराए गए। दिव्यांग विद्यार्थियों को व्हीलचेयर एवं वॉकिंग स्टिक्स भी प्रदान की गईं। अब तक उनके प्रयासों से 300 से अधिक विद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों तक शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक सहायता पहुंचाई जा चुकी है।
अध्यापक नरेश कुमार लोहार ने भामाशाहों को प्रेरित कर क्षेत्र के न्यून नामांकन वाले, अति पिछड़े, दुर्गम पहाड़ी, जरूरतमंद तथा आधारभूत सुविधाओं से वंचित विद्यालयों में निर्माण एवं मरम्मत कार्य भी करवाए हैं। इसके साथ ही ऐसे गरीब एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं, जो पढ़ाई में प्रतिभाशाली हैं लेकिन उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें विभिन्न संस्थाओं एवं भामाशाहों के सहयोग से उच्च अध्ययन, नीट एवं जेईसी कोचिंग तथा हॉस्टल सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वे विभिन्न विद्यालयों में निःशुल्क नवोदय एवं एनएमएमएस की अतिरिक्त कक्षाएं आयोजित कराते हैं तथा इन परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति दिलाने का भी प्रयास कर रहे हैं।
सम्मान समारोह का आयोजन उदयपुर के राजकीय रेजिडेंसी उच्च माध्यमिक विद्यालय में किया गया। समारोह में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, शहर जिला उपाध्यक्ष तख्त सिंह शक्तावत, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) लोकेश भारती, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) चंद्रशेखर जोशी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी झाड़ोल मोरध्वज व्यास, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी फलासिया बसंती लाल जोशी, राष्ट्रपति शिक्षक सम्मान से सम्मानित अध्यापक दुर्गाराम मुवाल, विभिन्न भामाशाह, भामाशाह प्रेरक अध्यापक तथा स्थानीय विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
लगातार चौथे वर्ष प्राप्त यह जिला स्तरीय भामाशाह प्रेरक शिक्षक सम्मान जनजाति क्षेत्र में शिक्षा, नवाचार और सामाजिक सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की दिशा में अध्यापक नरेश कुमार लोहार के दीर्घकालिक योगदान का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है।

Vishnu Lohar, Jhadol
नाम: विष्णु लोहार
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल, झाड़ोल)
कार्यक्षेत्र: झाड़ोल, उदयपुर (राजस्थान) - मुख्य रूप से झाड़ोल और गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र एवं आसपास का ग्रामीण अंचल
अनुभव: करीब 10 वर्ष
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय एवं ग्रामीण समाचार: झाड़ोल व गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र, ग्रामीण पंचायतों, सामाजिक गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की नियमित कवरेज।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, पंचायत, विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां, जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम एवं राजनीतिक घटनाक्रम।
- क्राइम: पुलिस कार्रवाई, अपराध संबंधी घटनाएं, कानून-व्यवस्था एवं न्यायिक मामलों की रिपोर्टिंग।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई, विकास कार्य, शिविरों एवं प्रशासनिक निर्णयों की कवरेज।
- शिक्षा: विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षा योजनाओं, विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं शिक्षा संबंधी समस्याओं पर रिपोर्टिंग।
- स्वास्थ्य: स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर, सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं, जनस्वास्थ्य एवं जागरूकता विषयक समाचार।
- बिज़नेस एवं व्यापार: स्थानीय व्यापार, बाजार गतिविधियां, छोटे व्यवसाय, उद्यमिता एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े विषय।
- सामाजिक एवं जनहित मुद्दे: ग्रामीण समस्याएं, नागरिक सुविधाएं, सामाजिक सरोकार, सरकारी योजनाएं, ग्रामीण विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों की विशेष कवरेज।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- वाणिज्य स्नातक (B.Com)
- वाणिज्य स्नातकोत्तर (M.Com)
- B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
- BSTC (बेसिक स्कूल टीचिंग सर्टिफिकेट)
