फतहनगर में नानी बाई मायरा कथा महोत्सव का समापन, ठाकुरजी ने भरा मायरा
प्रताप चौक स्थित सेतुबंध रामेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में तीन दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन द्वारिकाधीश के वेवाण संग भव्य मायरा भरने की परंपरा निभाई गई।

प्रताप चौक स्थित सेतुबंध रामेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय नानी बाई का मायरा कथा महोत्सव के समापन अवसर पर प्रवचन सुनने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र हुईं महिला श्रद्धालु।
नगर के प्रताप चौक स्थित सेतुबंध रामेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय नानी बाई का मायरा कथा महोत्सव का गुरुवार शाम श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण के बीच समापन हो गया। अंतिम दिन भगवान द्वारिकाधीश के वेवाण सहित भव्य मायरा भरने की परंपरा का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
समापन अवसर पर द्वारिकाधीश मंदिर से कथा स्थल तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान भजन मंडलियों ने संगीतमय प्रस्तुतियां दीं, वहीं ढोल-नगाड़ों और मंगल वाद्यों की गूंज से पूरा नगर भक्ति रस में डूब गया। श्रद्धालु जयकारों के साथ नृत्य करते हुए कथा स्थल तक पहुंचे।
कथा के दौरान प्रसिद्ध कथावाचक मांगीलाल मेनारिया ने नानी बाई के मायरे की मार्मिक कथा का रसपान कराया। उन्होंने भक्ति, प्रेम और समर्पण का संदेश देते हुए श्रीकृष्ण की भक्तवत्सलता का विस्तार से वर्णन किया। उनके प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक कथा का श्रवण किया। अंतिम दिन ठाकुरजी द्वारा मायरा भरने की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिस पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
समापन अवसर पर महाआरती का आयोजन किया गया तथा प्रसाद वितरण हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन किया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः धार्मिक और आध्यात्मिक आभा से भर उठा। यह आयोजन नगर में भक्ति, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश छोड़ गया।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
