कानोड़। निकटवर्ती नागेश्वर पार्श्वनाथ गौशाला बांसड़ा में नौ दिवसीय गौ नवरात्रि का समापन बुधवार को अक्षय नवमी के अवसर पर आंवला पौधे के पूजन के साथ हुआ। नौ दिनों तक गौ सेवा, गौ पूजन और गौ आराधना के साथ वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच विश्व शांति के लिए यज्ञ का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर भीलवाड़ा विधानसभा के विधायक अशोक कोठारी ने गौ सेवा को सभी धर्मों से श्रेष्ठ बताते हुए इसे मानव जीवन का सबसे बड़ा पुण्य कार्य बताया।

गौशाला अध्यक्ष भरत जारौली ने बताया कि रात्रि 12 बजे विधायक अशोक कोठारी गौशाला पहुंचे। उन्होंने गौ माता के दर्शन किए और परिक्रमा की। इसके बाद करीब एक घंटे तक सत्संग और आध्यात्मिक चर्चा में शामिल होकर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवनभर सुख की तलाश में भटकता रहता है, जबकि गौ माता समस्त सुखों की खान हैं। संसार में राज्य धर्म, सत्ता धर्म और निज धर्म से भी श्रेष्ठ कोई धर्म है तो वह गौ सेवा धर्म है।

विधायक कोठारी ने कहा कि वर्तमान कलियुग में गाय की सेवा से बढ़कर कोई बड़ा कार्य नहीं है। गौ सेवा करने मात्र से व्यक्ति के सभी सुख एक स्थान पर प्राप्त हो जाते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में गौ सेवा को अपनाना चाहिए। इससे स्वयं के कल्याण के साथ परहित और लोक कल्याण की भावना भी विकसित होती है तथा आत्मकल्याण का मार्ग सुगम होता है।

गौशाला संस्थापक शाम चौबीसा ने विधायक कोठारी के गौ सेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वे परम गोभक्त हैं। राजसत्ता में रहते हुए भी संतों जैसा जीवन जीने वाले कोठारी का व्यक्तित्व प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि जहां कहीं भी कोई गौशाला आर्थिक संसाधनों, व्यवस्थाओं या अन्य समस्याओं से जूझ रही होती है, वहां पहुंचकर कोठारी उसकी स्थिति संभालने और उसे संबल प्रदान करने का प्रयास करते हैं।

चौबीसा ने बताया कि बीमार गायों की स्थिति देखकर विधायक कोठारी उनके पास जाकर नवकार मंत्र का जाप करते हैं और प्रभु से उनके कल्याण की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विधायकों से मिलना भी दुर्लभ हो जाता है, लेकिन ऐसे गोभक्त विधायक गौ माता की शरण में पहुंचकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि राजसत्ता में बैठे राजनेताओं को भी विधायक अशोक कोठारी से प्रेरणा लेनी चाहिए। व्यक्ति चाहे कितनी भी संपत्ति और वैभव अर्जित कर ले, अंततः गौ माता ही सभी के कल्याण का माध्यम बनती हैं। इसलिए राजनेताओं को भी गौ सेवा का संकल्प लेना चाहिए।

चौबीसा ने राजनीतिक घोषणाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि दुखद है कि कई बार राजनेता केवल वाहवाही लूटने के लिए घोषणाएं कर देते हैं, लेकिन धरातल पर उन्हें साकार नहीं कर पाते। इससे वे दोष के भागी बनते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के कल्याण के लिए गुरु का चयन भी सोच-समझकर करना चाहिए। किसी सांसारिक व्यक्ति को भी गुरु बनाने से जीवन का कल्याण संभव हो सकता है।

नागेश्वर पार्श्वनाथ गौशाला बांसड़ा में नौ दिनों तक चले गौ नवरात्रि आयोजन का समापन गौ पूजन, आंवला पौधे की पूजा और आध्यात्मिक सत्संग के साथ हुआ। इस आयोजन में गौ सेवा, विश्व शांति और मानव कल्याण का संदेश प्रमुख रूप से सामने आया।

Bharat Jaroli, Udaipur

Bharat Jaroli, Udaipur

नाम: भरत कुमार जारोली

वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: कानोड़ (तहसील: कानोड़, जिला: उदयपुर, राजस्थान)

बीट : स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भरत कुमार जारोली राजस्थान के उदयपुर जिले के अंतर्गत आने वाले कानोड़ तहसील और उसके आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ संवाददाता हैं। वह अपने क्षेत्र में पुलिस थाना, अस्पताल, स्थानीय प्रशासन, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों सहित सभी विषयों पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

भरत कुमार जारोली को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। वह साल 1982 से लगातार 'प्रातः काल' दैनिक समाचार पत्र के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पूर्व वह 'राजस्थान पत्रिका' (उदयपुर) से जुड़े हुए थे, जहाँ उन्होंने 35 वर्षों तक नियमित रूप से काम किया।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा हायर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की है।

Next Story