मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान: खेरवाड़ा में जल संरक्षण पर जोर
खेरवाड़ा की खानमीन ग्राम पंचायत में जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा और पर्यावरण चेतना हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत खानमीन में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल अधिकारी, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि।
खेरवाड़ा। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत गुरुवार को खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत खानमीन में जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन की दिशा में एक सशक्त पहल की गई। एसडीएम जय सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासक अरविन्द भनात के नेतृत्व में धरातल पर जल संरक्षण की विभिन्न गतिविधियों को गति दी गई। इस दौरान अभियान के तहत पूर्व में पूर्ण किए गए कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया गया और आगामी चरणों की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 22 एवं 23 के अंतर्गत नवीन कार्यों की स्वीकृति और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने औरण एवं चारागाहों के चिन्हीकरण, पौधारोपण, पास बुवाई कार्यों की अग्रिम तैयारी, बीज बैंकों के सुचारू संचालन तथा 'हरियालो राजस्थान' अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर पौधारोपण की तैयारियों की गहन समीक्षा की। अभियान के 2.0 चरण के तहत चयनित ग्रामों में 'जल चौपाल' का आयोजन हुआ, जहां ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन के महत्व और जल संरक्षण की तकनीकों के प्रति जागरूक किया गया।
पर्यावरण चेतना के प्रसार हेतु ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी ज्योति प्रकाश पटेल के निर्देशन में शिक्षा विभाग के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में निबंध लेखन, नारा लेखन, चित्रकला, खेलकूद प्रतियोगिताएं और नुक्कड़ नाटक शामिल रहे, जिनके माध्यम से जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। इस आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी राजेश पटेल, जन-प्रतिनिधि, ग्रामीण और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। समापन अवसर पर अधिकारियों ने आमजन से वर्षा जल संचयन, सघन पौधारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया, जो भविष्य के लिए एक सुरक्षित और जल-स्वावलंबी खेरवाड़ा की नींव रखेगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
