माउंट आबू में पहली बार बर्ड फेस्टिवल, 25 से अधिक प्रजातियों के पक्षियों ने खींचा ध्यान
माउंट आबू में पहले बर्ड फेस्टिवल-2026 का शुभारंभ हुआ। 25 से अधिक पक्षी प्रजातियों के दर्शन, पांच तितलियों का लाइव जीवन चक्र, 2000 से अधिक डाक टिकटों की प्रदर्शनी और 400 विद्यार्थियों की भागीदारी रही खास आकर्षण।

अतिथि माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में पुस्तिका दिखाते हुए।
माउंट आबू। अरावली की वादियों में शनिवार को पक्षियों की चहचहाहट और जैव विविधता के संरक्षण के संदेश के साथ पहले माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल-2026 का शुभारंभ हुआ। राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में पहली बार आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में देशभर के पक्षी विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, वन्यजीव संरक्षणकर्ता और प्रकृतिप्रेमी शामिल हुए। सुबह हुई बर्ड वाचिंग में 25 से अधिक प्रजातियों के पक्षी दिखाई दिए। वहीं, तितलियों की जीवंत जीवन चक्र प्रदर्शनी और दो हजार से अधिक पक्षी आधारित डाक टिकटों के संग्रह ने विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया। आयोजन में करीब 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
ग्रीन पीपल सोसायटी (जीपीएस), उदयपुर के तत्वावधान में राजस्थान वन विभाग, विश्व प्रकृति निधि (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की आंतरिक सुरक्षा अकादमी के सहयोग से आयोजित महोत्सव का उद्घाटन शनिवार को आंतरिक सुरक्षा अकादमी परिसर में हुआ। यह आयोजन माउंट आबू के प्रसिद्ध प्रकृतिविद् एवं पक्षी प्रेमी स्वर्गीय अनिल माथुर की स्मृति और उनके प्रकृति संरक्षण के प्रयासों को समर्पित है।
उद्घाटन समारोह में संभागीय मुख्य वन संरक्षक सुनील छिद्री, उप वन संरक्षक सिरोही डॉ. अजीत उचोई, माउंट आबू नगरपालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य, उपखंड अधिकारी सिरोही राकेश श्रीवास्तव, लेफ्टिनेंट कर्नल सुमित भारद्वाज, आंतरिक सुरक्षा अकादमी के कमांडेंट महेंद्र कुमार, ग्रीन पीपल सोसायटी अध्यक्ष राहुल भटनागर, उपाध्यक्ष विक्रम सिंह एवं डॉ. शरद श्रीवास्तव, उप वन संरक्षक वन्यजीव मंडल उदयपुर अनुराग भटनागर, डॉ. सुजीत नरवडे, श्याम दवे, रमा सिंह, डॉ. बाशोबी भटनागर, गजेंद्र सिंह, विक्रम सिंह और जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार नानीवाल सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।
महोत्सव में स्वर्गीय अनिल माथुर की स्मृति में स्थापित प्रकृति संरक्षण पुरस्कार राजस्थान के डोड़वा उच्च माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक सरूपा राम माली को प्रदान किया गया। उन्हें प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। प्रशस्ति-पत्र और 5,001 रुपये की नकद राशि स्वर्गीय अनिल माथुर की पुत्री पूर्णिमा और दामाद रवि माथुर ने भेंट की।
इस दौरान अतिथियों ने रंगीन चित्रों से सुसज्जित पक्षी पहचान पुस्तिका और बर्ड फेस्टिवल की स्मारिका का विमोचन किया। विद्यार्थियों को पक्षी पहचान पुस्तिका वितरित की गई। माउंट आबू निवासी डॉ. अरुण शर्मा की पुस्तक 'रक्त सूत्र' का भी विमोचन हुआ।
महोत्सव के पहले दिन की शुरुआत सुबह पक्षी अवलोकन के साथ हुई। वन विभाग के सहयोग से आबू पर्वत अभयारण्य के तीन अलग-अलग प्रकृति पथों पर बर्ड वाचिंग आयोजित की गई। इसमें बर्ड एक्सपर्ट डॉ. सतीश शर्मा, विक्रम सिंह, राहुल भटनागर, वीरेंद्र सिंह बेड़सा, डॉ. कमलेश शर्मा, विनय दवे, दर्शन मेनारिया और कनिष्क कोठारी ने पक्षी प्रेमियों को विभिन्न प्रजातियों की पहचान कराई।
इस दौरान ग्रीन मुनिया, सिल्वर बिल मुनिया, शॉवलर, टफ्टेड पोचार्ड, पिनटेल, पर्पल स्वाम्फेन, कॉमन पोचार्ड, ग्रे हेरॉन, सैंडपाइपर, वैगटेल, इग्रेट, कॉर्मोरेंट, ग्रेब, कूट, रेड वेंटेड बुलबुल, ट्री पाई और मैना सहित 25 से अधिक प्रजातियों के पक्षी देखे गए। विशेषज्ञों ने इनके प्राकृतिक आवास, भोजन, प्रवास और प्रजनन से जुड़ी जानकारियां भी साझा कीं।
पक्षियों के साथ तितलियों की दुनिया भी महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रही। डूंगरपुर के बटरफ्लाई एक्सपर्ट मुकेश पंवार ने राजस्थान की प्रमुख तितली प्रजातियों की जानकारी देते हुए पांच तितलियों का जीवंत जीवन चक्र प्रदर्शित किया। अंडे से इल्ली, प्यूपा और फिर तितली बनने की पूरी प्राकृतिक प्रक्रिया को करीब से देखकर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।
उदयपुर की फिलैटली विशेषज्ञ पुष्पा खमेसरा ने भारत सहित विभिन्न देशों के दो हजार से अधिक पक्षी आधारित डाक टिकटों की प्रदर्शनी लगाई। इन डाक टिकटों के माध्यम से पक्षियों की विविधता और उनके संरक्षण का संदेश दिया गया।
आंतरिक सुरक्षा अकादमी परिसर में प्रकृति और पक्षी संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनी भी लगाई गई। फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी, मैक्स आर्ट, राजस्थान वन विकास निगम और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के उत्पादों एवं साहित्य को प्रदर्शित किया गया। विश्व प्रकृति निधि के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
दोपहर बाद आयोजित तकनीकी सत्र में चार विशेषज्ञों ने पक्षियों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े शोध और अनुभव साझा किए। बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. रजत भार्गव ने राजस्थान में संकटग्रस्त ग्रीन मुनिया के संरक्षण पर विचार रखे। भारतीय वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. सुतिर्था दत्ता ने ग्रेट इंडियन बस्टर्ड की पारिस्थितिकी और संरक्षण से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।
संगीतकार एवं वन्यजीव संरक्षणकर्ता अभिषेक रे ने 'बाघ : द इनसाइड स्टोरी' विषय पर अपनी बात रखी। वहीं, वन्यजीव जीवविज्ञानी एवं लेखक विजयादित्य सिंह राठौड़ ने थार मरुस्थल में कृषि परिवर्तन और अकशेरुकी जीवों एवं पक्षियों पर पड़ने वाले प्रभावों का विश्लेषण किया।
विशेषज्ञों ने माउंट आबू सहित राजस्थान की विशिष्ट पक्षी संपदा, पारिस्थितिकी संतुलन में पक्षियों की भूमिका, प्राकृतिक आवासों के संरक्षण और बदलते पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों पर जानकारी दी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए संभागीय मुख्य वन संरक्षक सुनील छिद्री ने माउंट आबू की समृद्ध जैव विविधता के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। नगरपालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य ने ऐसे आयोजनों को क्षेत्र में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। आंतरिक सुरक्षा अकादमी के कमांडेंट महेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय महत्व के ऐसे आयोजनों में संस्थान की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अनुराग भटनागर ने पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
ग्रीन पीपल सोसायटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने स्वागत उद्बोधन में बर्ड फेस्टिवल के उद्देश्यों और इसकी आवश्यकता के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ. सतीश कुमार शर्मा ने किया, जबकि आभार डॉ. ललित जोशी ने व्यक्त किया।
महोत्सव के दूसरे दिन रविवार, 29 नवंबर को भी विशेष बर्ड वॉक आयोजित की जाएगी। ग्रीन पीपल सोसायटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने बताया कि आबू पर्वत अभयारण्य के तीन प्रकृति पथों ओरिया तालाब, टाइगर पाथ और ट्रेवर्स ट्रैक पर सूर्योदय से सुबह 9 बजे तक पक्षी अवलोकन होगा। इसके बाद प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पक्षी प्रेमी अपने अनुभव साझा करेंगे।
आयोजन समिति के प्रो. इंद्रजीत माथुर ने बताया कि ग्रीन पीपल सोसायटी इस आयोजन को केवल दो दिवसीय उत्सव तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे वार्षिक संरक्षण अभियान के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके तहत पक्षी गणना, ई-बर्ड के माध्यम से नागरिक विज्ञान को प्रोत्साहन, विद्यालयों में बर्ड क्लब की स्थापना और प्राकृतिक आवासों के संरक्षण जैसी गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
माउंट आबू में पहली बार आयोजित इस महोत्सव के माध्यम से पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों, उनके प्राकृतिक आवासों और संरक्षण से जुड़े प्रयासों को एक मंच मिला है। विद्यार्थियों की भागीदारी, विशेषज्ञों के शोधपरक व्याख्यान और विभिन्न प्रदर्शनियों के जरिए जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया गया।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
