उदयपुर में मोहन भागवत 17 जून को संबोधित करेंगे राष्ट्र चेतना संकल्प सभा
प्रताप गौरव केंद्र के तत्वावधान में हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के समापन अवसर पर संघ प्रमुख विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

उदयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आगामी 17 जून को उदयपुर में आयोजित महाराणा प्रताप जयंती एवं हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह की विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। यह भव्य आयोजन प्रताप गौरव केन्द्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' के तत्वावधान में संपन्न होगा, जो हल्दीघाटी सार्द्ध चतु:शती के उपलक्ष्य में वर्ष भर से संचालित विभिन्न कार्यक्रमों का आधिकारिक समापन भी करेगा।
प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने जानकारी दी कि महाराणा भूपाल स्टेडियम, गांधी ग्राउंड में आयोजित होने वाली इस सभा में संपूर्ण मेवाड़-वागड़ अंचल से समाजजन बड़ी संख्या में सम्मिलित होंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन की व्यापक तैयारियों के अंतर्गत मेवाड़-वागड़ के सुदूर गांव-ढाणी तक हल्दीघाटी विजय की गौरव गाथा को पहुँचाने का वृहद अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु क्षेत्रवार समितियों का गठन किया जा रहा है और जनसंपर्क अभियान के साथ ही वीर-गाथाओं पर आधारित लघु नाटिकाओं के मंचन की भी सघन तैयारियां की जा रही हैं। यह आयोजन हल्दीघाटी के शौर्य और राष्ट्र चेतना के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुँचाने में एक सशक्त माध्यम सिद्ध होगा।

