MMPS ऋषभदेव में ग्रैंडपेरेंट्स डे मना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीता दिल
महावीर मॉडर्न पब्लिक स्कूल में ग्रैंडपेरेंट्स डे पर सांस्कृतिक कार्यक्रम व खेल आयोजित किए गए। मुख्य अतिथियों ने बच्चों को बड़ों का सम्मान करने की सीख दी।

तस्वीर में ऋषभदेव स्थित स्कूल में महिलाएं आर्म रेसलिंग खेल में भाग ले रही हैं।
MMPS ऋषभदेव में ग्रैंडपेरेंट्स डे का आयोजन हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल में हुआ। महावीर मॉडर्न पब्लिक स्कूल (MMPS), ऋषभदेव में आयोजित समारोह का उद्देश्य बच्चों में दादा-दादी एवं नाना-नानी के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता की भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन सुंदरलाल, निदेशक विकास एवं मुख्य अतिथि सतीश, विशिष्ट अतिथि डॉ. करुण सोमपुरा, रामलाल पटेल तथा छगनलाल पंचाल का गरिमामय सान्निध्य रहा। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया।
समारोह के दौरान ग्रैंडपेरेंट्स के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों और खेलों का आयोजन किया गया। ग्रैंडपेरेंट्स ने इनमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में तीन पीढ़ियों के बीच प्रेम, अपनत्व और खुशियों का सुंदर वातावरण देखने को मिला।
मुख्य अतिथि एवं चेयरमैन ने कहा कि दादा-दादी परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव एवं संस्कार बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानाचार्या श्वेता जैन ने विद्यार्थियों को बड़ों का सम्मान करने और उनके अनुभवों से सीखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की ओर से उपप्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों एवं ग्रैंडपेरेंट्स का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन ज्योति राठौड़ ने किया। इस अवसर पर विद्यालय कॉर्डिनेटर जितेश, स्पोर्ट्स कॉर्डिनेटर दिलीप, श्रीमती शारदा गर्ग सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। समारोह ने बच्चों और उनके दादा-दादी एवं नाना-नानी के बीच रिश्तों की गर्माहट, सम्मान और संस्कारों को एक साथ सामने रखा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
