उदयपुर: सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में एलएलबी परीक्षा में एमकॉम का पेपर बांटा, एबीवीपी का प्रदर्शन
विधि महाविद्यालय में एलएलबी प्रथम वर्ष की परीक्षा के दौरान गलत प्रश्नपत्र बांटने पर एबीवीपी ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में चल रही परीक्षा के बीच में नई लापरवाही का मामला सामने आया है जहाँ एलएलबी की परीक्षा में छात्रों को एमकॉम का पेपर दे दिया गया। इस गंभीर घटना के विरोध में एबीवीपी ने जोरदार प्रदर्शन कर कुलपति को ज्ञापन सौंपा।
परीक्षा केंद्र पर भारी अव्यवस्था और पेपर लीक का मामला
जानकारी के अनुसार 27 मार्च 2026 को विधि महाविद्यालय में आयोजित एलएलबी प्रथम वर्ष की परीक्षा के दौरान निर्धारित प्रश्नपत्र के स्थान पर एम कॉम का प्रश्नपत्र वितरित कर दिया था। कुछ समय बाद उक्त प्रश्नपत्र वापस ले लिया गया, किन्तु तब तक वह विद्यार्थियों के बीच पहुँच चुका था। इस घटना से एमकॉम प्रश्नपत्र लीक हो चुका था तथा विश्वविद्यालय के संसाधनों का भी दुरुपयोग हुआ है। इससे पहले 18 मार्च को आयोजित एक अन्य परीक्षा में प्रश्नपत्र की छपाई की गुणवत्ता अत्यंत खराब थी, जिसमें अस्पष्ट अक्षर एवं अव्यवस्थित प्रस्तुति थी। इसी के विरोध में एबीवीपी ने विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया।
छात्र हितों से खिलवाड़ और निष्पक्ष जांच की मांग
प्रांत सहमंत्री पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि "सुखाड़िया विश्वविद्यालय जनजाति बहुल क्षेत्र का सबसे बड़ा विश्वविद्यालय है, जहाँ बड़ी संख्या में जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ऐसे में इस प्रकार की लापरवाही विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।" महानगर मंत्री कोमल वैष्णव ने बताया कि "विश्वविद्यालय प्रशासन से पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच समिति गठित करने की मांग की गई है।" साथ ही दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा भविष्य में प्रश्नपत्र वितरण और पारदर्शी बनाने की भी मांग की गई है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
विद्यार्थी परिषद ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस विषय पर ठोस एवं प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देते समय किरण वैष्णव, नरेंद्र सिंह राठौड़, विकास चौधरी, जागृति रावल, महिपाल सिंह राठौड़ सहित विद्यार्थी उपस्थित थे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
