सुविवि गेस्ट हाउस में अवैध गतिविधियों के खिलाफ एनएसयूआई का प्रदर्शन
एनएसयूआई ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर आदिवासी युवक को बंधक बनाने के मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

उदयपुर। एनएसयूआई ने शुक्रवार को सुविव के कुलपति को विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस का अवैध गतिविधियों में हो रहे उपयोग को लेकर ज्ञापन दिया। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलपति को विश्वविद्यालय के नवीन अतिथि गृह में हुई अवैध गतिविधियों के संदर्भ में यह ज्ञापन सौंपा गया।
गेस्ट हाउस में युवक को बंदी बनाने का आरोप
कुछ दिनों से लगातार समाचारों में आ रहा है कि विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में एक आदिवासी युवक को जमीन के अवैध खरीद के संबंध में बंदी बनाकर कई समय तक रखा गया था। इसमें अतिथि गृह में आपराधिक गतिविधि संचालित हुई है। विश्वविद्यालय प्रशासन से एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जल्द से जल्द इस पूरे मामले की जांच की जाए एवं संबंधित जो भी आरोपी है उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाए।
कुलपति का आश्वासन और जांच समिति का गठन
इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रखते हुए "कुलगुरु ने आश्वासन देते हुए कहा कि जल्दी समिति का गठन किया जाएगा एवं संबंधित मामले में कार्यवाही की जाएगी।" इसके बाद विश्वविद्यालय द्वारा एक तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है जो इस पूरे मामले की जांच करेगी। ज्ञापन सौंपते समय एनएसयूआई प्रदेश महासचिव गोपाल गायरी, युधिष्ठर व्यास, सुजल खटीक आदि कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
