जीवनपर्यंत उपलब्धि सम्मान के बाद खेरवाड़ा में विधायक डॉ. दयाराम परमार का भव्य अभिनंदन, बोले- नई तकनीक से लड़ने होंगे चुनाव
राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष में प्रवेश पर जीवनपर्यंत उपलब्धि सम्मान प्राप्त करने के बाद खेरवाड़ा पहुंचे विधायक डॉ. दयाराम परमार का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनाव नई तकनीक और नई रणनीति से लड़ने का आह्वान करते हुए महत्वपूर्ण संदेश दिया।

खेरवाड़ा में विधायक डॉ. दयाराम परमार का स्वागत करते हुए कांग्रेस पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता।
खेरवाड़ा। राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से जीवनपर्यंत उपलब्धि सम्मान प्राप्त करने के बाद खेरवाड़ा पहुंचे विधायक डॉ. दयाराम परमार का ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खेरवाड़ा की ओर से कांग्रेस कार्यालय में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. परमार का 10 किलो की फूलमाला पहनाकर, साफा बंधवाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
समारोह में विधायक डॉ. दयाराम परमार मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश मीणा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष पुष्पा मीणा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कान्तिलाल पटेल, संगठन महासचिव गजेन्द्र कोठारी तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमला परमार उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. दयाराम परमार ने कहा कि राजस्थान विधानसभा में मिला यह सम्मान वे खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की जनता और मतदाताओं को समर्पित करते हैं। उन्होंने क्रिकेट टीम का उदाहरण देते हुए कहा कि पुरस्कार भले ही कप्तान को मिलता है, लेकिन उस पर पूरी टीम का अधिकार होता है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव नई तकनीक और नई रणनीति के साथ लड़ने होंगे, क्योंकि देश में चुनाव लड़ने का तरीका बदल चुका है। साथ ही उन्होंने राजनीति में संयम बनाए रखने और आवेश में कोई निर्णय नहीं लेने की सीख भी दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. दयाराम परमार का सार्वजनिक जीवन जनसेवा, सादगी, निष्ठा और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। उन्होंने सात बार विधायक निर्वाचित होने के साथ सरपंच, प्रधान, विधायक तथा राजस्थान सरकार में मंत्री के रूप में जनजाति क्षेत्रीय विकास, उच्च शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं सार्वजनिक निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विभागों में उल्लेखनीय कार्य किए। विधानसभा की विभिन्न समितियों में उनकी सक्रिय भूमिका तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति उनके समर्पण की भी सराहना की गई।
समारोह को शिक्षाविद् मन्नालाल मेघवाल, पूर्व उपप्रधान सुंदरलाल अहारी, कान्तिलाल पटेल एवं ब्लॉक कांग्रेस कोषाध्यक्ष भरत जैन सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण नवाघरा मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह गरासिया ने दिया। कार्यक्रम में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, सरपंच, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस महासचिव अमृतलाल सालवी ने किया, जबकि अंत में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश मीणा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
