झाड़ोल। मेवाड़ा प्रजापत समाज झाड़ोल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता – मेवाड़ा प्रजापत प्रीमियर लीग (MPPL) सीजन 4 का रोमांचक समापन रविवार को मगवास खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन क्रिकेट प्रेमियों को जहां दो रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबलों का लुत्फ मिला, वहीं फाइनल में आरआरआर ओगना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बागेश्वर बालाजी खाखड़ को हराकर MPPL 2025 की चैंपियनशिप अपने नाम की।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि अखिल प्रजापति कुम्भकार महासंघ के संभागीय अध्यक्ष विष्णु प्रजापत उदयपुर, कार्यक्रम अध्यक्ष नाथूलाल प्रजापत, अध्यक्ष मेवाड़ा प्रजापत समाज झाड़ोल, तथा विशिष्ट अतिथि पूनम चंद कुम्हार, संरक्षक मेवाड़ा प्रजापत समाज झाड़ोल, धीरज प्रजापत बेदला युवा अध्यक्ष मेवाड़ा प्रजापत सेवा संस्थान कैलाशपुरी, शंकर लाल प्रजापत सुंदरवास, विष्णु प्रजापत और अशोक प्रजापत उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मेन ऑफ द सीरीज, मेन ऑफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और बेस्ट ऑलराउंडर जैसी श्रेणियों में खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नरेश प्रजापत बिरोठी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।

आयोजन में समाज के कई भामाशाहों का योगदान उल्लेखनीय रहा। भैरूलाल फलासिया ने भामाशाह के रूप में सहयोग दिया, जबकि विजेता टीमों के लिए ट्रॉफियों की व्यवस्था चम्पालाल-पूनमचंद कुम्हार ढीमड़ी ने की। गोपाललाल पिता मीठालाल थोबावाड़ा द्वारा अल्पाहार व्यवस्था, दीपक गोराणा द्वारा पेयजल व्यवस्था तथा लाभचंद ब्रा.का खेरवाड़ा, नाथूलाल ओगना, भैरूलाल गोगला और रमेशचंद करनाली द्वारा बॉल व्यवस्था की गई। सभी सहयोगियों को अतिथियों ने स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन पंकज प्रजापत ढीमड़ी ने कुशलता से किया। आयोजन मंडल में हितेश झाड़ोल, भरत गोराणा, पंकज ढीमड़ी, दीपक गोराणा, मोहन खाखड़, विजय ब्रा.का खेरवाड़ा, दीपक खाखड़ और भारत खाखड़ सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मेवाड़ा प्रजापत समाज द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का माध्यम बनी, बल्कि समाज में एकता, अनुशासन और खेल भावना के प्रसार का भी प्रतीक बनी। समापन समारोह के साथ ही मैदान गगनभेदी जयघोषों और तालियों की गूंज से भर उठा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story