बर्ड विलेज मेनार के हीरोला की छापर में रविवार को 28वें श्री अंबा माता विशाल पशु एवं आमजन मेले का पारंपरिक उल्लास और धार्मिक विधि-विधान के साथ शुभारंभ हुआ। बैलों की पूजा-अर्चना, मां अंबे की प्रतिमा स्थापना, दीप प्रज्वलन और ध्वजारोहण के साथ मेले की शुरुआत हुई। उद्घाटन समारोह में धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीण संस्कृति की झलक देखने को मिली। इस दौरान मां अंबे के जयकारों से पूरा मेला स्थल गूंज उठा।

ग्राम पंचायत मेनार की ओर से आयोजित मेले का उद्घाटन भड़का मंडी आश्रम के संत श्री हरिओम दाता महाराज ने किया। उन्होंने मुख्य द्वार पर बैलों की पूजा-अर्चना करने के बाद फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान हुकमीचंद सांगावत ने की। उन्होंने विधिवत रूप से मेले के शुभारंभ की घोषणा की।

समारोह से पहले अंबे माता मंदिर से मां अंबे की प्रतिमा को ढोल-नगाड़ों और थाली-मादल की गूंज के बीच भव्य शोभायात्रा के रूप में रवाना किया गया। शोभायात्रा ओंकारेश्वर चौराहे और थंभ चौक से होते हुए हीरोला की छापर स्थित मेला स्थल पहुंची। यहां पंडितों ने शुभ मुहूर्त में अतिथियों के हाथों मां अंबे की प्रतिमा की स्थापना करवाई। इसके बाद दीप प्रज्वलन और ध्वजारोहण किया गया। मां अंबे के जयकारों के बीच पूरा मेला परिसर भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधि रमेश चंद्र सांगावत ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने ग्रामीणों की ओर से नवगठित पंचायत को दिए जा रहे समर्थन और सहयोग के लिए आभार जताया। वार्ड पंच कविता लोकेश मेनारिया ने मेले के आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की। कार्यक्रम का संचालन हीरालाल सुथार ने किया।

मेले में व्यापारियों और ग्रामीणों का उत्साह भी देखने को मिल रहा है। ग्राम विकास अधिकारी रामदीन मीना के अनुसार, मेले में अब तक 700 से अधिक प्लॉटों का आवंटन किया जा चुका है। मेला स्थल पर खान-पान, रेस्टोरेंट, मनिहारी और ऊनी वस्त्रों सहित सैकड़ों दुकानें सज चुकी हैं। मनोरंजन के लिए मौत का कुआं, चकरी, डोलर, सर्कस और विभिन्न रोमांचक करतब भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए ग्राम पंचायत की ओर से बिजली, पेयजल, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। प्लॉटों के आवंटन और दुकानों की सजावट के साथ मेला स्थल पर गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं।

उद्घाटन समारोह में ईश्वर दास महाराज, श्यामलाल चौबीसा, मुकेश मेनारिया (पूर्व बार अध्यक्ष), गोपाल मेनारिया (पूर्व एसीबीईओ), राजेश व्यास नवानिया, लक्ष्मीलाल मेनारिया रुंडेड़ा, रमेशचंद्र डांगी मोरझाई, भेरूलाल रावत बगड़, विजयलाल मेरावत, प्रमोद ढोली, शंकरलाल मेरावत, भूरालाल लोहार, बंशीलाल बंजारा, मांगीलाल सिंगावत, मांगीलाल, अम्बा लाल रूपावत, विजयलाल जोशी, अनिल रूपावत, मांगीलाल मेरावत, छगन मेनारिया वल्लभनगर और नारायणलाल उदावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

28वें श्री अंबा माता विशाल पशु एवं आमजन मेले के शुभारंभ के साथ ही मेनार के हीरोला की छापर में धार्मिक आयोजनों, व्यापारिक गतिविधियों और ग्रामीण मनोरंजन का सिलसिला शुरू हो गया है।a

Budhi prakash parashar (Udaipur)

Budhi prakash parashar (Udaipur)

नाम: बुद्धि प्रकाश पाराशर

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: कस्बा खेरोदा (तहसील: भींडर, जिला: उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समाचार

परिचय 

बुद्धि प्रकाश पाराशर राजस्थान के उदयपुर जिले के खेरोदा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से कस्बा खेरोदा, भींडर तहसील और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों को कवर करते हैं। उनके कार्यक्षेत्र में स्थानीय राजनीति, कानून-व्यवस्था (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और जनहित से जुड़े सभी मुख्य विषय शामिल हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

बुद्धि प्रकाश पाराशर जी को मीडिया क्षेत्र में 30 साल का लंबा और व्यापक अनुभव है:

  • वह साल 2000 से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं।
  • उन्हें 'राजस्थान पत्रिका' के साथ भी काम करने का लंबा अनुभव रहा है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा स्नातक (Graduate) स्तर तक पूरी की है।

Next Story