मेघवाल समाज के सामुदायिक भवन निर्माण को मिली नई दिशा, सम्मेलन में बनी निर्माण कमेटी
सम्मेलन में सामाजिक नियमावली में संशोधन को मिली स्वीकृति, पूर्व अध्यक्ष सोनाराम मेघवाल ने भवन निर्माण के लिए ₹11.11 लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की।

अमराघाटी कागदर में मेघवाल समाज के दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन के दौरान मंच पर विचार-विमर्श के लिए बैठे समाज के पदाधिकारी और विभिन्न परगनों से आए प्रतिनिधि।
मेघवाल समाज 52 गांव खड़क चौखला के दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन में वर्षों से लंबित सामुदायिक भवन निर्माण के सपने को नई गति मिली। अमराघाटी कागदर स्थित पूर्व अध्यक्ष सोनाराम मेघवाल के फार्महाउस पर आयोजित सम्मेलन में समाज के विकास, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक सुधारों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
पूर्व अध्यक्ष सोनाराम मेघवाल, जनरल कार्यकारिणी एवं मेघवाल युवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में सामुदायिक भवन निर्माण, सामाजिक नियमावली में संशोधन, वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप नए सामाजिक नियमों के अनुमोदन तथा फिजूलखर्ची पर रोक जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद बंजारिया में खरीदी गई भूमि पर सामुदायिक भवन निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया। साथ ही सामाजिक नियमों में आवश्यक संशोधन एवं विलोपन को आमराय से स्वीकृति प्रदान की गई।
सम्मेलन में गुजरात के ईडर सहित डूंगरपुर, झाड़ोल-फलासिया और छप्पन-सड़क लाइन समेत विभिन्न परगनों से आए प्रतिनिधियों और समाजजनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाज अध्यक्ष लालूराम मेघवाल ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति, संगठन की मजबूती और सामूहिक कार्यों की सफलता के लिए एकता, समर्पण एवं सहयोग की भावना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सोनाराम मेघवाल ने अखिल राजस्थान मेघवाल चेरिटेबल ट्रस्ट के सानिध्य में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का आह्वान किया। उन्होंने भवन निर्माण के लिए भूमि क्रय मद में 11 लाख 11 हजार 111 रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा करते हुए समाज में सामाजिक एवं भावनात्मक एकता को और मजबूत बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में चेरिटेबल ट्रस्ट, जनरल कार्यकारिणी, मेघवाल युवा संगठन के पदाधिकारियों सहित समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित रहे। सम्मेलन का संचालन मंगललाल मेघवाल, नवीनकुमार एवं लक्ष्मणलाल ने किया। समापन अवसर पर सोनाराम मेघवाल परिवार द्वारा स्थापित एचआर मेघवाल चेरिटेबल ट्रस्ट के स्थापना दिवस की स्मृति में वृक्षारोपण किया गया। सामुदायिक विकास, सामाजिक एकजुटता और संगठनात्मक सशक्तिकरण के संकल्प के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।
समाज सचिव वालचंद मेघवाल ने कार्यक्रम की जानकारी प्रदान की।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
