मावली: खरताणा में भामाशाह हिरण परिवार ने बनवाया भव्य विद्यालय भवन
उदयपुर के मावली में भामाशाह हिरण परिवार द्वारा निर्मित अत्याधुनिक विद्यालय का शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने लोकार्पण कर शिक्षा विभाग को सौंपा।

उदयपुर के खरताणा गांव में भामाशाह हिरण परिवार द्वारा निर्मित नवनिर्मित विद्यालय भवन के लोकार्पण समारोह के दौरान पट्टिका का अनावरण करते मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य नागरिक।
उदयपुर जिले के मावली उपखण्ड क्षेत्र के खरताणा गांव में भामाशाह हिरण परिवार द्वारा अपने स्वर्गीय पिता की इच्छा के अनुरूप निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित विशाल विद्यालय का सोमवार को भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित हुआ, जहां विद्यालय को औपचारिक रूप से शिक्षा विभाग को समर्पित किया गया।
समारोह में राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, विद्यार्थी, अभिभावक, किसान, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक एवं पत्रकारों सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने हिरण परिवार के इस कार्य को सराहनीय बताते हुए इसे क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए 14वें स्थान से चौथे स्थान तक का सफर तय किया है तथा सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों की तुलना में बेहतर परिणाम दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी बच्चा अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। विद्यालयों में मोबाइल प्रतिबंध के निर्णय का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रारंभिक विरोध के बाद इसे व्यापक समर्थन मिला। जर्जर विद्यालय भवनों के चरणबद्ध पुनर्निर्माण की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए उन्होंने भविष्य में भवन निर्माण एवं ध्वस्तीकरण की तिथि अंकित करने की बात कही। उन्होंने खरताणा विद्यालय को पीएम श्री योजना में शामिल करवाने, बोर्ड परीक्षा केंद्र स्थापित करने तथा विभिन्न संकाय प्रारंभ करने का आश्वासन दिया। साथ ही गांवों में शहरी तर्ज पर सड़कों पर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने और मंदिरों को पट्टे देने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने ग्रामीणों की मांग पर खरताणा बांध में पानी की आवक सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि भामाशाह हिरण परिवार का यह योगदान शिक्षा क्षेत्र में आने वाले समय में वरदान साबित होगा और यह भामाशाह परंपरा को आगे बढ़ाने वाला कार्य है। उन्होंने क्षेत्रीय विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले 10 वर्षों में पांच सड़कों के लिए केंद्रीय निधि स्वीकृत हुई, फतहनगर एवं मावली रेलवे स्टेशनों का विकास किया गया तथा उदयपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की दिशा में कार्य जारी है। उन्होंने बागोलिया बांध के लिए 200 करोड़ रुपये की स्वीकृति का उल्लेख करते हुए खरताणा बांध को भरने की मांग रखी तथा जल जीवन मिशन के तहत मावली क्षेत्र को लाभ मिलने की उम्मीद जताई।
समारोह के दौरान भामाशाह श्रीमती कमला देवी एवं हिरण परिवार का अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन दिलीप त्रिपाठी ने किया। उपखण्ड अधिकारी मावली रमेशचंद्र सिरवी पुनाड़िया के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग के ब्लॉक एवं पंचायत स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पुष्कर लाल तेली, कृष्ण गोपाल पालीवाल, नरेन्द्र सिंह आसोलिया, रोशन लाल सुथार, कैलाश गाडरी, जीवन सिंह बोयणा, नितिन सेठिया, सुशील ओस्तवाल सहित मावली व घासा ब्लॉक के अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिक्षा विभाग की ओर से मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रतिभा गुप्ता, विरेंद्र सिंह यादव, सीबीईओ मावली सुखलाल गुर्जर, गोपाल मेनारिया, विभिन्न पीईईओ, प्रधानाचार्य एवं शिक्षक संघों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।
भामाशाह हिरण परिवार ने समारोह के लिए भव्य मंच, पाण्डाल एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाएं उपलब्ध कराते हुए सभी अतिथियों एवं संभागियों का आभार व्यक्त किया तथा अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रेमशंकर सालवी एवं उनके साथियों ने प्रस्तुतियां देकर जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया।
कार्यक्रम को मावली विधायक पुष्कर लाल डांगी, विधानसभा प्रभारी कृष्ण गोपाल पालीवाल एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रतिभा गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। समारोह का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। यह आयोजन क्षेत्र में शिक्षा विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के रूप में उभरकर सामने आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
