मावली में गृह-गृह गायत्री यज्ञ आयोजित, दो बहनों का पुसंवन संस्कार संपन्न
अखिल विश्व गायत्री परिवार के जन्म शताब्दी वर्ष अभियान के तहत गुर्जरों की भागल में आध्यात्मिक चेतना और संस्कारों के विस्तार के लिए पांच स्थानों पर हुआ यज्ञ।

अखिल विश्व गायत्री परिवार शान्तिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा की सूक्ष्म उपस्थिति में जन्म शताब्दी वर्ष (2026) के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत 17 मई 2026 को मावली क्षेत्र के गुर्जरों की भागल (लोपड़ा) में पांच स्थानों पर ‘गृह-गृह गायत्री यज्ञ’ का भव्य आयोजन श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।
भक्ति, शुचिता और वैदिक मंत्रोच्चार के वातावरण में सम्पन्न इस आयोजन के दौरान आहुतियां दी गईं, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। आयोजन में विशेष रूप से दो बहनों का पुसंवन संस्कार भी पूर्ण विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराया गया। शांतिकुंज के सिद्धांतों के अनुरूप यह संस्कार नई पीढ़ी में सुसंस्कारों के बीजारोपण के उद्देश्य से किया गया, जिसमें परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस प्रभावी गृह-गृह गायत्री यज्ञ का संचालन यज्ञाचार्य खुमा गुर्जर, नरेंद्र त्रिपाठी, जसवंत सिंह ज, श्याम सुंदर शर्मा और अजय द्वारा किया गया। मावली गायत्री परिवार के तहसील समन्वयक खुमा गुर्जर का विशेष सहयोग भी इस आयोजन में रहा।
जिला संयोजक नरेंद्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य शताब्दी वर्ष के अनुयाज कार्यक्रम के अंतर्गत जन-जन तक गायत्री मंत्र एवं यज्ञ की महिमा का प्रसार करना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई। यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना एवं सांस्कृतिक संस्कारों के विस्तार का महत्वपूर्ण माध्यम बना।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
