मावली के लोपड़ा में गृह-गृह गायत्री यज्ञ और संस्कार कार्यक्रम आयोजित
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पांच स्थानों पर यज्ञ और पुंसवन संस्कार संपन्न किए गए।

मावली के गुर्जरों की भागल (लोपड़ा) में आयोजित सामूहिक गायत्री यज्ञ के दौरान आहुतियां देते श्रद्धालु और उपस्थित ग्रामीण।
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा की सूक्ष्म उपस्थिति में जन्म शताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत रविवार, 17 मई 2026 को मावली क्षेत्र के गुर्जरों की भागल (लोपड़ा) में ‘गृह-गृह गायत्री यज्ञ’ का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक वातावरण और वैदिक संस्कारों की ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान गांव के पांच स्थानों पर एक साथ गायत्री यज्ञ आयोजित किए गए, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ स्थलों पर भक्ति, श्रद्धा और शुचिता का वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और परिजनों ने सहभागिता करते हुए यज्ञ की महिमा और संस्कार परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
आयोजन के दौरान दो बहनों का पुसंवन संस्कार भी विधिवत सम्पन्न कराया गया। शांतिकुंज हरिद्वार के सिद्धांतों के अनुरूप नई पीढ़ी में संस्कारों के बीजारोपण और पारिवारिक-सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सम्पन्न इस संस्कार में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गृह-गृह गायत्री यज्ञ का संचालन यज्ञाचार्य खुमा गुर्जर, नरेंद्र त्रिपाठी, जसवंत सिंह, श्याम सुंदर शर्मा एवं अजय ने किया। आयोजन में मावली गायत्री परिवार के तहसील समन्वयक खुमा गुर्जर का विशेष सहयोग रहा। जिला संयोजक नरेंद्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य जन्म शताब्दी वर्ष के अंतर्गत अनुयाज कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक गायत्री मंत्र और यज्ञ की महिमा पहुंचाना है।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया तथा समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई। धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना से जुड़े इस आयोजन ने क्षेत्र में वैदिक परंपराओं और संस्कार आधारित जीवनशैली के संदेश को मजबूत किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
