अर्पण सेवा संस्थान के तत्वावधान में मावली ब्लॉक में पंचायती राज सदस्यों, स्वयं सहायता समूह (SHG) सदस्यों एवं युवाओं का एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य नियमित टीकाकरण अभियान को सुदृढ़ बनाना, जीरो डोज बच्चों की पहचान कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना तथा पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों (SHG) और युवा संगठनों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान नरेंद्र कुमार जैन, विशिष्ट अतिथि बीसीएमओ डॉ. मनोहर सिंह एवं उपसरपंच जवान सिंह ने पंचायतों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित टीकाकरण प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना सभी जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पंचायत स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।

बीसीएमओ डॉ. मनोहर सिंह ने एचपीवी (HPV) वैक्सीन एवं सर्वाइकल कैंसर के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि समय पर टीकाकरण महिलाओं को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने का प्रभावी उपाय है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों को दूर कर समुदाय को जागरूक करने की अपील की।

जिला समन्वयक पंकज भट्ट ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जन्म से पाँच वर्ष तक बच्चों को सात चरणों में टीके लगाए जाते हैं, जिससे वे 11 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं। उन्होंने जीरो डोज बच्चों की पहचान, नियमित टीकाकरण की आवश्यकता, टीकाकरण के बाद होने वाले सामान्य प्रतिकूल प्रभाव एवं उनके प्रबंधन की जानकारी साझा करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के दौरान फूलचंद सरेल एवं लोकेश शर्मा ने पावर पॉइंट प्रस्तुति (PPT) के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं युवा संगठनों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समुदाय में जागरूकता बढ़ाने, लाभार्थियों की पहचान करने तथा टीकाकरण सत्रों में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने में इन समूहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में भंवर सिंह सिसोदिया, स्वयं सहायता समूह से सुनीता, भगवती एवं अफसाना बानू तथा युवा संगठन से कपिल शर्मा, कोमल एवं भावना सहित बड़ी संख्या में PRI जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

अंत में मावली ब्लॉक समन्वयक चित्रलेखा दशोरा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम ने नियमित टीकाकरण को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी बनाने, जीरो डोज बच्चों की पहचान को गति देने तथा पंचायत, स्वयं सहायता समूह और युवा संगठनों की जिम्मेदारी को और सशक्त करने का संदेश दिया।

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

नाम: भूपेश प्रजापत

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)

परिचय 

भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।

Next Story