मावली में घर में चोरी: छत पर सो रहा था परिवार, गहने और नकदी पार
उदयपुर के मावली में अज्ञात चोरों ने दो कमरों के ताले तोड़कर लाखों के गहने और एक लाख रुपये नगद चुराए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

उदयपुर। मावली थाना क्षेत्र के मंडप गांव में दुस्साहसिक चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां छत पर गहरी नींद में सो रहे एक परिवार के मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित हीरालाल पुत्र स्व. भैरा गायरी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 20 मई की रात को वह अपने परिवार के साथ मकान की छत पर सो रहे थे। सुबह करीब 6 बजे जब परिवार नीचे आया, तो दो कमरों के ताले टूटे हुए देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने कमरों के अंदर रखी तीन पेटियां गायब कर दी थीं। तलाशी लेने पर घर के पास स्थित एक कुएं के समीप तीनों पेटियां टूटी हुई अवस्था में मिलीं, जिनमें से सामान और कपड़े बिखरे पड़े थे।
घटना में चोरों ने पेटियों में रखा कीमती सामान उड़ा लिया, जिसमें तीन तोला वजनी टड्डा, एक तोला वजनी नथ, पांच ग्राम रामनामी, एक तोले का रामनामी सेट, एक किलो चांदी का कंदोरा, 100 ग्राम का चांदी का कड़ा, एक चांदी की चेन और 30 ग्राम की चांदी की अंगूठी शामिल है। इसके अतिरिक्त, चोरों ने पेटियों में सुरक्षित रखी एक लाख रुपये की नकदी भी पार कर दी। सूचना मिलते ही मावली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। इस बड़ी चोरी के बाद से स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना देखी जा रही है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

