मावली। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के मावली तहसील अध्यक्ष राहुल सिंह सारंगदेवत का गुरुवार रात लगभग 7:30 बजे भटेवर से डबोक लौटते समय दरौली के पास फोरलेन हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया। हादसे के तुरंत बाद उन्हें डबोक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उदयपुर रैफर किया गया, लेकिन उदयपुर पहुँचने से पूर्व ही उन्होंने अंतिम सांस ली।

हादसे के समय उनके साथ मौजूद लक्ष्मण सिंह घायल हो गए। उन्हें पैरों में फ्रैक्चर के साथ उदयपुर में उपचार जारी है। इस दुर्घटना ने न केवल उनके परिवार बल्कि संगठन और समाज में भी गहरा शोक उत्पन्न कर दिया है।

राहुल सिंह की शादी 11 दिसंबर को तय थी। शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ। जिस घर में खुशी और उत्साह का माहौल था, वहाँ अचानक मातम का सन्नाटा फैल गया। बारात की जगह अर्थी उठी, और हर्षोल्लास के अवसर पर हजारों आंखों से आँसू बह निकले।

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने उन्हें सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी। पार्थिव देह को उदयपुर से बड़ी एंबुलेंस में भगवा ध्वज और पुष्पमालाओं से सजाकर उनके निवास स्थान तक लाया गया। रास्ते भर समाजजन, करणी सैनिक, युवा और वरिष्ठजन पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते रहे। अंतिम यात्रा के दौरान “राहुल सिंह अमर रहें… सनातन संस्कृति अमर रहे” के उद्घोष गगनभेदी नाद की तरह गूंजते रहे। पारंपरिक सनातन रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया और पांच तत्व में विलीन कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

इस दुखद घटना के बाद जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत ने समाज से अपील की कि शादी के निमंत्रण पत्र देने के लिए बार-बार दौड़ने की प्रथा अब सुरक्षित नहीं रही। उन्होंने डिजिटल निमंत्रण और व्हाट्सएप आमंत्रण को मान्यता देने की आवश्यकता पर बल दिया।

राहुल सिंह को सनातन संस्कृति, न्याय और सामाजिक सेवा के निर्भीक सिपाही के रूप में जाना जाता था। उन्होंने कई जनसेवा और सामाजिक मुद्दों पर अग्रणी नेतृत्व किया। उनके जाने से करणी सेना ने एक मजबूत स्तंभ खो दिया है। संगठन ने कहा, “कार्यकर्ता संगठन की अमूल्य पूंजी होते हैं, उनके सम्मान की रक्षा हमारा धर्म है।”

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story