मावली के शनिधाम मंदिर में रामचरितमानस नवाहन पारायण और रामनवमी की तैयारियां
उदयपुर के मावली स्थित शनिधाम मंदिर में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर रामादल परिवार द्वारा संगीतमय रामचरितमानस पाठ और रामनवमी पर हवन का आयोजन किया जा रहा है।

मावली। धर्मधरा मावली स्थित शनिधाम मंदिर के प्रांगण में इन दिनों भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। रामादल परिवार एवं शनिधाम मंदिर मंडल के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नवदिवसीय रामचरितमानस नवाहन पारायण का आयोजन पूरी श्रद्धा और धूमधाम के साथ गतिमान है। आयोजन के क्रम में मंगलवार सायंकाल का दृश्य अत्यंत मनोहारी रहा, जब व्यासपीठ पर विराजित होकर नारायणी सखी समूह और मावली गांव की महिलाओं ने अपनी सुमधुर स्वर लहरियों, सटीक लय एवं तालबद्ध प्रस्तुति से संपूर्ण वातावरण को राममय कर दिया। महिलाओं द्वारा किए गए इस सस्वर पाठ ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
चैत्र नवरात्रि के इस पाव्य अनुष्ठान के अंतर्गत शनिधाम मावली पर प्रतिदिन सायंकाल 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक रामायण की चौपाइयां गूंज रही हैं। इस धार्मिक महाकुंभ में जनसहभागिता देखते ही बन रही है, जहां बच्चे, युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग सहित समाज के सभी वर्ग अत्यंत उत्साहपूर्वक अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। आयोजन की गरिमा को देखते हुए आगामी 27 मार्च 2026, शुक्रवार को रामनवमी के पावन पर्व पर विशेष कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। इस दिन दोपहर 12:15 बजे अभिजीत वेला के शुभ मुहूर्त में गायत्री शक्तिपीठ के विद्वान आचार्यों द्वारा विधि-विधान से हवन संपन्न करवाया जाएगा। हवन की पूर्णाहुति के पश्चात विशाल स्तर पर महाप्रसाद का वितरण होगा और तत्पश्चात देव शक्तियों की विदाई के साथ इस नौ दिवसीय आध्यात्मिक उत्सव का विधिवत समापन होगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
