मावली (प्रातकाल संवाददाता)। मावली स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मुख्य द्वार पर अव्यवस्थाओं का आलम उस वक्त देखने को मिला जब राजस्थान स्टेट सर्टिफिकेट इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी (RS-CIT) की महत्वपूर्ण परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक पानी पुरी वाले ने सुबह जल्दी ही अपनी लारी लाकर खड़ी कर दी, जिसके चलते परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को अपने वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं मिली और वे काफी देर तक जद्दोजहद करते रहे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जब प्रधानाचार्य से इस विषय में संपर्क किया गया, तो उन्होंने समस्या के समाधान की दिशा में कोई ध्यान नहीं दिया। परीक्षार्थियों का स्पष्ट आरोप है कि नियमानुसार पानी पुरी की लारी लगने का समय सुबह 11:00 बजे के बाद निर्धारित है, किंतु स्कूल प्रशासन की कथित मिलीभगत के चलते लारी को सुबह ही प्रवेश द्वार पर खड़ा कर दिया गया। इतना ही नहीं, एक लारी विद्यालय परिसर के भीतर भी खड़ी की गई है, जिसका उपयोग सामान को इधर-उधर ले जाने के लिए किया जा रहा है।

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पूर्व वार्ड पंच लक्ष्मीनारायण खटीक ने भी स्कूल प्रशासन को अवगत कराते हुए विरोध दर्ज कराया है, परंतु उनके हस्तक्षेप के बाद भी प्रशासन के कानों पर जूं नहीं रेंगी। परीक्षार्थियों ने विद्यालय के बाहर से तत्काल पानी पुरी की लारी हटाने की मांग करते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त की है। स्थानीय लोगों और परीक्षार्थियों का कहना है कि लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद कोई ठोस कार्यवाही नहीं होना प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है, जिससे शैक्षणिक वातावरण और परीक्षार्थियों की सुविधा दांव पर लगी है।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story