मावली पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज करते हुए अपना परचम लहराया। भाजपा प्रत्याशी पूरण कुवंर (पत्नी पप्पू सिंह) ने निर्दलीय प्रत्याशी सोनिया कुमारी जाट (पत्नी पृथ्वीराज जाट) को 3 वोटों के अंतर से हराकर प्रधान पद पर कब्जा जमाया। मतदान में पूरण कुवंर को 10 वोट मिले, जबकि सोनिया कुमारी जाट के पक्ष में 7 सदस्यों ने मतदान किया।

शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव को लेकर सुबह से ही मावली पंचायत समिति परिसर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं। भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी की ओर से अपनी-अपनी जीत के दावे किए जा रहे थे। भाजपा की ओर से पूरण कुवंर ने प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया, वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सोनिया कुमारी जाट के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया।

चुनाव से पहले पंचायत समिति सदस्यों के राजनीतिक समीकरणों पर नजर डालें तो भाजपा के पास 10 सदस्य, कांग्रेस के पास 6 सदस्य और एक सदस्य निर्दलीय था। ऐसे में मतदान और उसके परिणाम को लेकर सभी की निगाहें टिकी हुई थीं। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद घोषित परिणाम में भाजपा प्रत्याशी पूरण कुवंर को 10 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी सोनिया कुमारी जाट को 7 मत प्राप्त हुए। इस तरह पूरण कुवंर ने 3 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। परिणाम घोषित होते ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई।

जीत की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साह के साथ जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विजय जुलूस निकाला और आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया। पंचायत समिति परिसर से लेकर क्षेत्र तक भाजपा समर्थकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई देकर जीत की खुशी साझा की।

विजय जुलूस और जश्न के दौरान उप जिला प्रमुख दलीचंद डांगी, जिला परिषद सदस्य चंद्रगुप्त सिंह चौहान, देहात जिला उपाध्यक्ष रोशन लाल सुथार, डबोक मंडल अध्यक्ष जीवन सिंह राव, विकास सोनी, गणपत नाथ चौहान एवं बादल शर्मा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रधान पद के चुनाव को देखते हुए पंचायत समिति परिसर में पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चुनावी प्रक्रिया के दौरान पुलिसकर्मी मुस्तैदी से तैनात रहे और परिसर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी। पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

मावली पंचायत समिति में प्रधान पद पर भाजपा की जीत के साथ ही स्थानीय राजनीति में नया अध्याय शुरू हो गया है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें नवनिर्वाचित प्रधान पूरण कुवंर के नेतृत्व में पंचायत समिति के विकास कार्यों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर रहेंगी।

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

नाम: भूपेश प्रजापत

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)

परिचय 

भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।

Next Story