मावली पंचायत समिति चुनाव: कार्यालय के 100 मीटर क्षेत्र में यातायात प्रतिबंधित
प्रधान और उप-प्रधान चुनाव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कई मार्गों पर आवागमन बंद किया है और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ते दिए हैं।

मावली (उदयपुर) में पंचायत समिति के प्रधान एवं उप-प्रधान पद के चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। चुनाव एवं मतगणना के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 27 और 28 नवंबर 2026 को पंचायत समिति कार्यालय के आसपास का 100-100 मीटर क्षेत्र प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक कई रास्तों पर आवागमन बंद रहेगा।
उपखण्ड अधिकारी मावली की ओर से जारी प्रेस-नोट के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को प्रधान पद तथा 28 नवंबर 2026 को उप-प्रधान पद के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों दिन पंचायत समिति सभागार मावली में मतगणना भी होगी।
प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पंचायत समिति कार्यालय मावली के चारों ओर 100-100 मीटर तक के क्षेत्र में प्रवेश और यातायात प्रतिबंध लागू किया है। यह व्यवस्था दोनों दिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी।
इसके तहत पीएम श्री राजकीय माध्यमिक विद्यालय मावली के मुख्य द्वार के पास से कार्यालय जन संसाधन विभाग मावली तक जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे। इसी प्रकार कार्यालय जलग्रहण विभाग और जैन मोहल्ला वाली गली की तरफ आने-जाने वाले मार्गों पर भी आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात व्यवस्था के तहत मुख्य चौराहे से पुराना बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया गया है। वाहन चालक फतहनगर रोड स्थित गेंगट चौराहे की ओर से पीएम श्री राजकीय माध्यमिक विद्यालय मावली के पीछे नाले वाले रास्ते से आवागमन कर सकेंगे।
प्रशासन ने मतदान एवं मतगणना स्थल पर प्रवेश को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। बिना किसी अधिकृत कार्य के किसी भी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। केवल रिटर्निंग अधिकारी की ओर से जारी फोटोयुक्त पास धारकों को ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। पंचायत समिति एवं अन्य राजकीय कर्मचारियों को भी फोटोयुक्त पहचान पत्र दिखाने के बाद ही परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।
इसके अलावा मतदान एवं मतगणना स्थल के अंदर मोबाइल फोन ले जाने और उसका उपयोग करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने आमजन से 27 और 28 नवंबर को निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करने, आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने और पंचायत चुनाव की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Bhupesh Prajapat (Udaipur)
नाम: भूपेश प्रजापत
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)
परिचय
भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।
