मावली। 7 अगस्त को नेशनल हैंडलूम डे के अवसर पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मावली में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के टेक्स्टाइल डिजाइन विषय के विद्यार्थियों के लिए विशेष टेक्स्टाइल एवं दाबू प्रिंट कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में आकोला, राजस्थान से पधारे दाबू प्रिंट विशेषज्ञ श्री योगेश जी छीपा ने विद्यार्थियों को भारतीय टेक्स्टाइल उद्योग, हैंडलूम की महत्ता, दाबू प्रिंट की पारंपरिक तकनीक, प्राकृतिक रंगाई तथा भारतीय हस्तकरघा की समृद्ध विरासत के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने दाबू प्रिंट की प्रक्रिया, ब्लॉक प्रिंटिंग की बारीकियों एवं टेक्स्टाइल डिजाइन से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। विशेषज्ञ श्री योगेश जी छीपा ने विद्यार्थियों को पारंपरिक दाबू प्रिंट तकनीक के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया तथा भारतीय हस्तकरघा और वस्त्र कला से जुड़े व्यावहारिक ज्ञान को समझाया।

कार्यशाला के साथ-साथ विद्यार्थियों को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस समारोह का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। विद्यार्थियों ने माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के प्रेरणादायी उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने भारतीय हस्तकरघा उद्योग की गौरवशाली परंपरा तथा उसके संरक्षण के महत्व को समझा।

विद्यालय के प्राचार्य श्री घनश्याम मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत विद्यालय में संचालित कौशल विकास एवं स्किल एजुकेशन पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय समय-समय पर विशेषज्ञों की कार्यशालाओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जोड़ने, पारंपरिक कलाओं से परिचित कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगारोन्मुख बनाने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के कौशल, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को नई दिशा प्रदान करती हैं।

कार्यशाला में टेक्स्टाइल डिजाइनिंग शिक्षिका श्रीमती रेखा पुरोहित भी विद्यार्थियों के साथ पूरे समय उपस्थित रहीं तथा विशेषज्ञ द्वारा साझा किए गए ज्ञान को विद्यार्थियों के साथ आत्मसात किया। उनकी उपस्थिति में विद्यार्थियों ने टेक्स्टाइल डिजाइन एवं दाबू प्रिंट से संबंधित जानकारी को समझा और कार्यशाला के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा श्री योगेश जी छीपा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रही। इससे भारतीय हैंडलूम, दाबू प्रिंट और पारंपरिक वस्त्र कलाओं के प्रति विद्यार्थियों में नई जागरूकता एवं रुचि का संचार हुआ। विद्यालय की इस पहल ने कौशल विकास, पारंपरिक कला के संरक्षण और विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

घनश्याम मीना

प्राचार्य

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story