कस्बे सहित संपूर्ण क्षेत्र में सोमवार शाम प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला, जहाँ तेज आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। शाम करीब चार बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और देखते ही देखते तेज गर्जना के साथ ओले गिरने शुरू हो गए। करीब पंद्रह मिनट तक चली इस अनवरत बारिश ने समूचे क्षेत्र को जलमग्न कर दिया, जिससे चारों तरफ पानी ही पानी नजर आने लगा। इस अल्पकालिक वर्षा ने नगर पालिका प्रशासन के स्वच्छता दावों और ड्रेनेज सिस्टम की पूरी तरह पोल खोलकर रख दी है। कस्बे की हर गली और मोहल्ला दरिया बन गया, जिसके चलते स्थानीय निवासियों को स्वयं ही अपने घरों के बाहर नालियां साफ कर पानी की निकासी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी।

अव्यवस्था का आलम यह रहा कि सत्यनारायण मंदिर वाली गली में कुछ ही दिन पूर्व निर्मित नालियों से पानी की निकासी न होने के कारण पूरी गली और घरों में गंदा पानी घुस गया। यही स्थिति रहमान मंदिर के समीप भी रही, जहाँ सफाई के अभाव में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई। रेलवे स्टेशन से मुख्य चौराहे तक बनी सड़क के किनारे दोषपूर्ण नाली निर्माण और पुराने बस स्टैंड चौक पर नई सड़क की ऊंचाई अधिक करने से पूरा चौक जलमग्न हो गया। आगे पानी निकासी का उचित मार्ग न होने से जलभराव की स्थिति बनी रही, जिससे व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गायत्री नगर में भी नई टाइल्स रोड बनने के बाद निकासी व्यवस्था दुरुस्त न होने से गलियां पानी से लबालब हो गईं।

हैरानी की बात यह रही कि स्वयं नगर पालिका कार्यालय के सामने भी भारी मात्रा में पानी जमा हो गया, जो प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाता है। इसके अतिरिक्त पब्लिक पार्क के सामने, मुख्य बाजार, पंचायत समिति के पिछवाड़े वाली गलियों और चमनपुरा सहित लगभग सभी मोहल्लों में जलभराव से नागरिक त्रस्त नजर आए। इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय जनता में नगर पालिका के विरुद्ध भारी रोष व्याप्त है। आक्रोशित लोगों ने जब पानी की समस्या की शिकायत हेतु अधिशाषी अधिकारी को फोन किया, तो उनके द्वारा फोन न उठाने पर जनता का गुस्सा और फूट पड़ा। ड्रेनेज की इस विफलता और प्रशासनिक उदासीनता ने आगामी मानसून पूर्व की तैयारियों की हकीकत बयां कर दी है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story