ग्रामीण सेवा शिविर में योजनाओं की जानकारी के साथ राजस्व एवं पशुपालन संबंधी मामलों का हुआ समाधान
मावली उपखण्ड की ग्राम पंचायत फलीचड़ा और साकरोदा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व मामलों का त्वरित निस्तारण हुआ, जबकि दर्जनों पशुपालकों को योजनाओं का लाभ मिला। प्रशासन ने आगामी शिविरों को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की।

मावली के फलीचड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान मंच पर मौजूद उपखण्ड अधिकारी रमेश सीरवी पुनाड़िया और अन्य अधिकारी लाभार्थी महिला को प्रमाण पत्र सौंपते हुए।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपखण्ड क्षेत्र मावली में संचालित किए जा रहे "ग्रामीण सेवा शिविर-2026" के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत फलीचड़ा एवं साकरोदा में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ राजस्व एवं प्रशासनिक मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर के दौरान "ग्रामीण सेवा शिविर-2026" की प्रगति एवं उद्देश्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी अधिकतम लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
राजस्व विभाग द्वारा शिविर के दौरान ई-धरती पोर्टल के माध्यम से 20 नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा आपसी सहमति से 7 प्रकरणों का समाधान किया गया तथा 32 राजस्व अभिलेख खातों का शुद्धिकरण किया गया। ग्रामीणों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में 4 रास्ता संबंधी प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया।
पशुपालन विभाग की ओर से शिविर में 39 पशुपालकों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इससे ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों को सरकारी सहायता एवं योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ।
शिविर में उपखण्ड अधिकारी रमेश सीरवी पुनाड़िया, तहसीलदार मावली दिनेशा कुमार यादव, विकास अधिकारी शैलेन्द्र पी. खींची सहित समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उनसे योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि "ग्रामीण सेवा शिविर-2026" के तहत आगामी शिविर ग्राम पंचायत नामरी, सारलेरा कलां तथा नगरपालिका मावली एवं फतहनगर-सनवाड़ क्षेत्र में आयोजित किए जाएंगे। इन क्षेत्रों के सभी नागरिकों से शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
