मावली में ग्रामीण युवाओं के लिए निःशुल्क डिजिटल प्रशिक्षण शुरू
डब्ल्यूजीएफ परियोजना से 37 युवाओं को तीन और ढाई माह के आरएस-सीआईटी व टैली कोर्स का निःशुल्क लाभ मिलेगा, जिससे स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मावली के मानस कंप्यूटर सेंटर में डब्ल्यूजीएफ परियोजना से निःशुल्क डिजिटल कोर्स कर रहे युवा व प्रशिक्षक।
फतहनगर। ग्रामीण युवाओं को डिजिटल कौशल में दक्ष बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में मावली में निःशुल्क उन्नत डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। हैंड इन हैंड इंडिया संस्था की वाइल्ड गैंजेन फाउंडेशन (डब्ल्यूजीएफ) परियोजना के तहत मानस कंप्यूटर सेंटर में संचालित इस पहल से ग्रामीण युवाओं को बिना किसी आर्थिक बोझ के तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
हैंड इन हैंड इंडिया के उद्यम विकास प्रबंधक अमर सिंह राठौड़ ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत उन युवाओं को उच्चस्तरीय तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़ा जा रहा है, जिन्होंने पहले बुनियादी डिजिटल साक्षरता प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। कार्यक्रम में अब तक कुल 37 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। इनमें 22 युवाओं ने आरएस-सीआईटी और 15 युवाओं ने टैली अकाउंटिंग पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश लिया है।
उन्होंने बताया कि आरएस-सीआईटी पाठ्यक्रम की अवधि तीन माह निर्धारित की गई है, जबकि टैली अकाउंटिंग का प्रशिक्षण ढाई माह तक चलेगा। दोनों पाठ्यक्रमों का संपूर्ण प्रशिक्षण शुल्क डब्ल्यूजीएफ परियोजना की ओर से वहन किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को आर्थिक बाधाओं के बिना अपनी तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक ज्ञान बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
इस पहल का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाकर रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं की डिजिटल दक्षता और तकनीकी ज्ञान को विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे उनके लिए कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम के अवसर पर राजकुमार पालीवाल, प्रिया कुंवर राव, रेखा गोस्वामी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
