मावली: गोर्धनपुरा में ठेका कर्मचारी की करंट से मौत, परिजनों को 12 लाख की सहायता
गोर्धनपुरा जीएसएस पर पोल की चपेट में आने से बंसीलाल जाट की मौत के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन, विधायक प्रत्याशी की मध्यस्थता से मिली सहायता राशि।

मावली के उप जिला चिकित्सालय में बंसीलाल जाट की मौत के बाद एकत्र ग्रामीण और अधिकारी, जहां विधायक प्रत्याशी कृष्ण गोपाल पालीवाल की मौजूदगी में सहायता राशि पर सहमति बनी।
मावली क्षेत्र के गोर्धनपुरा जीएसएस पर कार्य के दौरान बिजली विभाग के ठेका कर्मचारी बंसीलाल जाट निवासी गोरधनपुरा की विद्युत पोल के संपर्क में आने से गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण मावली उप जिला चिकित्सालय पहुंच गए, जहां विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई गई।
जानकारी के अनुसार, बंसीलाल जाट गोर्धनपुरा जीएसएस पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह विद्युत पोल के संपर्क में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल मावली उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आक्रोश व्यक्त किया।
मौके पर उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी पहुंचे। साथ ही भाजपा विधायक प्रत्याशी एवं प्रभारी कृष्ण गोपाल पालीवाल, जिला उपाध्यक्ष रोशन लाल सुथार, मावली मंडल अध्यक्ष कैलाश गाडरी तथा मृतक के परिजन भी मौजूद रहे। इस दौरान विभाग के सहायक अभियंता हरिशंकर मीना से विस्तृत वार्ता की गई।
वार्ता के बाद मृतक के परिजनों को राज्य सरकार, बीमा कंपनी तथा मावली विधानसभा प्रत्याशी कृष्ण गोपाल पालीवाल की ओर से कुल 12 लाख रुपए की सहायता राशि दिलवाई गई। इसमें कृष्ण गोपाल पालीवाल की ओर से 1 लाख रुपए नगद सहायता राशि भी शामिल रही। सहायता राशि दिलाने में कृष्ण गोपाल पालीवाल ने मध्यस्थता की।
घटना के दौरान भाजपा नेता गोवर्धन जाट, प्रमोद सामोता, मदन जाट, खेमपुर सरपंच बाबूलाल गाडरी, प्रेम जाट, किशनलाल जाट, सम्पत सामोता, मोहनलाल जाट, छोगालाल जाट, लच्छी राम जाट, सोहनलाल गाडरी, देवीलाल जाट सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
गोर्धनपुरा जीएसएस पर कार्य के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना ने बिजली विभाग में कार्यरत ठेका कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
