मावली में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में दशहरा मेले और श्री चामुंडा माताजी के 46वें विशाल पशु मेले की रौनक देखने को मिलेगी। मावली नगरपालिका की ओर से दोनों आयोजनों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। दशहरा मेला 20 अक्टूबर को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित होगा, जबकि फतहनगर रोड स्थित विशन जी की छापर में श्री चामुंडा माताजी का विशाल पशु मेला 26 से 31 अक्टूबर 2026 तक लगाया जाएगा।

दोनों मेलों के सफल आयोजन और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर मावली उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियां विभागवार सौंपी गईं, ताकि मेले के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें और व्यापारियों, पशुपालकों तथा आमजन को सुविधाएं मिल सकें।

इस वर्ष श्री चामुंडा माताजी के 46वें विशाल पशु मेले में पशुओं के साथ घोड़ों की भी आवक होगी। मेले में पशुओं और घोड़ों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जो मेले में आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। दशहरा मेले के आयोजन के बाद 26 अक्टूबर से शुरू होने वाला पशु मेला 31 अक्टूबर तक चलेगा।

व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार मेले में किसी भी व्यक्ति का स्टाफ पास नहीं बनाने का निर्णय लिया गया है। इससे व्यापारियों को स्टाफ पास बनवाने से जुड़ी अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा मेले में बिजली और पानी की व्यवस्था मावली नगरपालिका की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में दोनों आयोजनों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य मेले में आने वाले व्यापारियों, पशुपालकों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे दोनों आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।

बैठक में तहसीलदार रजनीश शर्मा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रवीण बंसल, नगर पालिका अध्यक्ष राकेश मीणा, मनोज भारद्वाज एवं एसआई बसंती लाल, कमल मीणा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Updated On
Bhupesh Prajapat (Udaipur)

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

नाम: भूपेश प्रजापत

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)

परिचय 

भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।

Next Story