मावली में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने हेतु संकीर्तन रैली और ज्ञापन
गौभक्तों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।

मावली के मुख्य बाजार से तहसील कार्यालय तक निकाली गई संकीर्तन रैली के दौरान भगवान की झांकियां और ठाकुर जी का बेवाण।
पूरे भारत वर्ष में चल रहे गो सम्मान आव्हान अभियान के तहत सोमवार को मावली में व्यापक जनसमर्थन के साथ संकीर्तन रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। तहसील क्षेत्र के लगभग सभी गांवों से गौ प्रेमी, गौभक्त और सभी सनातनी पुराना बस स्टैंड मावली पर एकत्रित हुए, जहां से भव्य संकीर्तन रैली का शुभारंभ हुआ।
रैली मुख्य बाजार और मुख्य चौराहा होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची, जहां तहसील अधिकारी को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपा गया। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौ वंश के लिए केंद्रीय कानून बनाने तथा सम्पूर्ण भारत में गौ हत्या पूर्णतः बंद करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
संकीर्तन रैली के दौरान सभी प्रार्थना पत्रों को लाल कपड़े में बांधकर गौभक्तों ने अपने सिर पर धारण कर रखा था, जो अभियान के प्रति आस्था और समर्पण का प्रतीक बना। ज्ञापन के दौरान साक्षात गौ माता, नंदी बाबा और भगवान की सजीव झांकियां प्रस्तुत की गईं, वहीं ठाकुर जी की बेवाण सहित अन्य धार्मिक स्वरूपों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
इस आयोजन में संत जन, वयोवृद्धजन, पुरुष, मातृ शक्ति और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के दौरान सभी प्रतिभागी कीर्तन करते हुए अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते नजर आए। कार्यक्रम में विभिन्न हिन्दू संगठनों के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी भी रही।
यह आयोजन गो संरक्षण और गौ सम्मान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही संबंधित मांगों को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
