बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को जड़ से मिटाने के संकल्प के साथ विकल्प संस्थान द्वारा गुरुवार को राजस्थान के मावली ब्लॉक में व्यापक 'बाल विवाह रोकथाम अभियान' का औपचारिक आगाज किया गया। वर्ष 2004 से बालिकाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में समर्पित यह संस्थान वर्तमान में मावली ब्लॉक के 32 गांवों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। अभियान का भव्य शुभारंभ उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी पुनाडिया, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी श्रीमती छैल कुंवर चारण, महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ तथा बीडीईओ शैलेन्द्र पी. खींची द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की इस गरिमामयी उपस्थिति ने अभियान की गंभीरता और सामाजिक महत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया।

शुभारंभ के पश्चात जागरूकता का यह कारवां फलीचड़ा पंचायत के सुपारिया खेड़ा और कुचोली गांव पहुंचा, जहां भोंपू उद्घोषणा, नारा लेखन और पोस्टरों के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। सुपारिया खेड़ा में आयोजित सामुदायिक बैठक में पुरुषों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। इस दौरान विस्तृत चर्चा में बाल विवाह से होने वाले शारीरिक व मानसिक नुकसान, बच्चों के शिक्षा से वंचित रहने और उनके भविष्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को रेखांकित किया गया। विकल्प संस्थान की कार्यकर्ता मीना जी ने उपस्थित जनसमूह को "ना खुद करें, ना होने दें" का प्रभावी आह्वान करते हुए इस कुप्रथा को रोकने का संदेश दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान के पोस्टर का विमोचन किया गया और संपूर्ण पंचायत क्षेत्र में भोंपू बजाकर जन-जन तक यह संदेश पहुंचाया गया। जागरूकता की इस कड़ी में ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित ग्राम सभा में बाल विवाह रोकथाम के समर्थन में एक औपचारिक प्रस्ताव भी पारित किया गया, जो इस दिशा में एक ठोस कानूनी और सामाजिक कदम है। इस अभियान के माध्यम से कुल 240 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से जागरूक किया गया। कार्यक्रम की सफलता में संस्थान के कार्यकर्ता मीना सांवरिया, इंदिरा कुंवर झाला, कुसुम दवे, जितेंद्र, ओम सिंह, महेंद्र सिंह राठौड़, योगेश्वरी सुथार, वैशाली सांखला एवं कमल लोहार सहित अन्य सहयोगियों ने अपनी सक्रिय और महत्वपूर्ण भागीदारी निभाकर सामाजिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story