मावली तहसील क्षेत्र में जनगणना कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। जनगणना डाटा को त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से फील्ड ट्रेनर श्री संजय गहलोत ने सुपरवाइजर सर्किल 12 के अंतर्गत राहमी, चीपीखेड़ा और गोलवाड़ा क्षेत्र का फील्ड निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगणकों द्वारा तैयार किए गए नजरी नक्शों का गहन अवलोकन कर कार्य की गुणवत्ता सुधारने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फील्ड विजिट के दौरान गहलोत ने प्रगणकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक घर और परिवार का सही एवं सटीक विवरण ऑनलाइन प्रणाली में दर्ज करें, ताकि जनगणना डाटा पूरी तरह त्रुटिरहित तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूर्ण की जाएं।

उन्होंने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सटीक आंकड़े भविष्य की सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की आधारशिला होते हैं। इसी उद्देश्य से विभागीय स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और फील्ड स्तर पर निरीक्षण बढ़ाए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि पूरे मावली तहसील क्षेत्र में जनगणना डाटा को ऑनलाइन दर्ज करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन और लगातार निगरानी के चलते कार्य में निरंतर प्रगति दर्ज की जा रही है।

स्थानीय प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि सटीक आंकड़े तैयार किए जा सकें और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सके। जनगणना कार्य की यह गति आने वाले समय में प्रशासनिक योजनाओं और विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण आधार साबित होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story