लोकेश बने प्रधानमंत्री और देवेंद्र उप प्रधानमंत्री, मावली के ढाणा विद्यालय में छात्र संसद का गठन
मावली के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, ढाणा में छात्र संसद का गठन हुआ। लोकेश रेबारी प्रधानमंत्री और देवेंद्र सिंह झाला उप प्रधानमंत्री बने, साथ ही तिलक व चंद्रशेखर आजाद की जयंती भी मनाई गई।

मावली के नूरड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र संसद के नवनिर्वाचित पदाधिकारी और विद्यालय के शिक्षक।
मावली उपखण्ड क्षेत्र की नूरड़ा ग्राम पंचायत स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, ढाणा में शुक्रवार को छात्र संसद का गठन किया गया। लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में लोकेश रेबारी को छात्र संसद का प्रधानमंत्री तथा देवेंद्र सिंह झाला को उप प्रधानमंत्री मनोनीत किया गया।
विद्यालय की छात्र कार्यकारिणी में हर्षिता कुंवर झाला को स्वास्थ्य मंत्री, कृष्णा रेबारी को सांस्कृतिक मंत्री, कुंदन सिंह झाला को पर्यावरण मंत्री, डिम्पल कुंवर झाला एवं पवन रेबारी को स्वच्छता मंत्री, प्रवीणा कुंवर झाला को संगठन मंत्री, गुंजन कुंवर झाला एवं फूलवंती रेबारी को प्रचार मंत्री तथा पिंटू रेबारी एवं मोहित सिंह झाला को खेल मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारत की संसदीय प्रणाली, प्रधानमंत्री एवं मंत्रिपरिषद की कार्यप्रणाली तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही छात्र संसद के सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए विद्यालय के सुचारु संचालन में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया गया।
इससे पूर्व गुरुवार को विद्यालय परिसर में लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक एवं चंद्रशेखर आजाद की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान दोनों महान स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया गया तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्रधान दिनेश बोरीवाल ने की। इस अवसर पर अध्यापक पिंटू सिंह, मंजू कुमारी, अनिता गोस्वामी सहित अन्य शिक्षकों ने लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद के जीवन, व्यक्तित्व एवं भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरक प्रसंग सुनाए। छात्र संसद के गठन और महान स्वतंत्रता सेनानियों की जयंती के आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
