उदयपुर। समाज के उत्थान और वैवाहिक संस्कारों को सशक्त करने की दिशा में जिला अग्रवाल सम्मेलन संस्थान ने आगामी 11 जनवरी को एक ऐतिहासिक पहल की घोषणा की है। संस्थान द्वारा विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन उदयपुर के हिरण मगरी सेक्टर-13 स्थित आशीष वाटिका में किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर बुधवार को अग्रसेन नगर स्थित अग्रसेन भवन में संस्थान की कार्यकारिणी बैठक प्रदेश अध्यक्ष श्री के.के. गुप्ता के मुख्य सानिध्य में संपन्न हुई।

बैठक में आयोजन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई और इसे प्रदेश स्तर पर समाज के लिए एक मिसाल बनाने का संकल्प लिया गया। मुख्य संयोजक सुरेश अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन के पंजीकरण फॉर्म राजस्थान के सभी जिलों में जिला अध्यक्षों को भेज दिए गए हैं। वहीं, अधिक से अधिक विवाह योग्य युवक-युवतियों तक इस सम्मेलन की जानकारी पहुंचाने और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जा रही है।

मुख्य वक्ता और पश्चिमी राजस्थान अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष के.के. गुप्ता ने कहा कि यह सम्मेलन समाज में एकता और सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा। उन्होंने बताया कि आयोजन में दो हजार से अधिक युवक-युवतियों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है, जिससे यह सम्मेलन न केवल उदयपुर संभाग बल्कि संपूर्ण राजस्थान में एक मील का पत्थर साबित होगा।

गुप्ता ने उपस्थित समाजबंधुओं से इस सम्मेलन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नई ऊर्जा, संवाद और विश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परिचय सम्मेलन समाज को न केवल एकजुट करेगा, बल्कि सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story