श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर में नवाह्नपारायण रामायण पाठ, छठे दिन हुआ भरत मिलाप
नगर के हनुमान मंदिर में सामूहिक रामायण पाठ के छठे दिन भरत मिलाप और सीता हरण के प्रसंगों का वाचन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

पूज्य सद्गुरुदेव की पावन प्रेरणा एवं नगर के समस्त रामायण पाठकों की सक्रिय सहभागिता से श्री मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर के प्रांगण में भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित हो रही है। दिनांक 19 से 27 मार्च 2026 तक आयोजित किए जा रहे इस नौ दिवसीय सामूहिक श्री नवाह्नपारायण रामायण पाठ के छठे दिन आज श्रद्धालुओं ने रामकथा के अत्यंत मार्मिक और प्रेरणादायक प्रसंगों का श्रवण व पाठ किया। प्रतिदिन प्रातः 07 से 11 बजे तक चलने वाले इस अनुष्ठान में आज भरत मिलाप, सती अनुसूया प्रसंग, मुनि सुतीक्ष्ण एवं अगस्त्य मुनि के अनन्य प्रेम, पंचवटी निवास, खर-दूषण वध तथा सीता हरण जैसे हृदयस्पर्शी प्रसंगों का सस्वर पाठ किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और करुणामय हो उठा।
पाठ के दौरान नगर के पुरुष एवं महिला पाठकों ने सामूहिक रूप से बैठकर इन प्रसंगों की गहराई में डूबते हुए आत्मिक लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सुबोधजी पाराशर द्वारा शास्त्रोक्त विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजन एवं देव आव्हान से किया गया। आज की मुख्य व्यासपीठ पर रामायण पाठक श्री मोहनदास जी वैष्णव, श्री निर्मल जी प्रजापति, श्री अशोक जी अग्रवाल एवं श्री नटवरलाल जी अग्रवाल सुशोभित हुए, जिनके सस्वर पाठ ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। पाठ की पूर्णता पर विश्राम के पश्चात पंडित श्री सीताराम जी शर्मा द्वारा श्री रामायण जी एवं श्री हनुमानजी की भव्य महा आरती उतारी गई, जिसके उपरांत उपस्थित भक्तों के मध्य प्रसाद का वितरण किया गया। धर्म और आस्था का यह संगम नगरवासियों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
