मावली: सवानिया स्कूल के शिक्षक मांगी लाल डांगी की भव्य सेवानिवृत्ति
31 वर्ष की राजकीय सेवा पूर्ण होने पर विधायक पुष्कर लाल डांगी और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की उपस्थिति में मेवाड़ी परंपरा से हुआ शिक्षक का भव्य अभिनंदन।

मावली के सवानिया स्कूल में आयोजित सेवानिवृत्ति समारोह के दौरान ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और जनप्रतिनिधियों द्वारा शिक्षक मांगी लाल डांगी को मेवाड़ी पाघ पहनाकर सम्मानित करते हुए।
मावली, 28 फरवरी 2026, शनिवार। मावली ब्लॉक के निकटवर्ती गाँव सवानिया स्कूल में इक्कीस वर्षों से अटूट सेवाएं देने वाले समर्पित शिक्षक मांगी लाल डांगी का शनिवार को इक्कतीस वर्ष की राजकीय सेवा से सेवानिवृत्ति समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस विदाई समारोह में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने डांगी का आत्मीय स्वागत और भावपूर्ण अभिनंदन किया।
समारोह में विशिष्ट जनों की गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य समारोह में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुख लाल गुर्जर, कृष्ण गोपाल पालीवाल, रोशन लाल सुथार, कैलाश गाडरी, प्रधानाचार्य उपेन्द्र सिंह अधिकारी, पीईईओ क्षेत्र के सभी शिक्षक, कर्मचारी, शिक्षक नेता श्याम लाल आमेटा, डांगी जागृति संस्थान के धूलीराम, संस्था प्रधान शंकर लाल खटीक, सवानिया के समाज सेवी छगन लाल श्रीमाली, उमा शंकर श्रीमाली, जगदीश श्रीमाली, अशोक श्रीमाली, सुरेश श्रीमाली, शिक्षाविद मदन लाल श्रीमाली, लदानी के पूर्व सरपंच एवं मावली सहकारी समिति के अध्यक्ष चौक लाल डांगी, लदानी के पूर्व उप सरपंच कजोड़ डांगी, शिक्षक संघ राष्ट्रीय के नारायण लाल डांगी, शैलेश कोठारी, पुष्कर लाल बड़ गुर्जर, सुधीर शर्मा, नारायण लाल डांगी सहित विभिन्न शिक्षक संघों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही मावली के विधायक पुष्कर लाल डांगी, राजेन्द्र गोखरू सहित जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी, परिवारजन, सगे संबंधी और विद्यार्थियों की भारी उपस्थिति रही।
मेवाड़ी परंपरा से सम्मान और विदाई की रस्में
शिक्षा विभाग ब्लॉक कार्यालय से चुन्नी लाल अहीर, शांति लाल मीणा, कमलेश त्रिवेदी, दिनेश जोशी, शंकर लाल, रमेश बड़ा गुर्जर, छोटु लाल मीणा और गौरव त्रिवेदी ने डांगी का तिलक लगाकर, उपरणा ओढ़ाकर, मेवाड़ी पाघ पहनाकर, शाल ओढ़ाकर एवं श्री फल भेंट कर स्वागत अभिनंदन किया। डांगी ने राजकीय सेवा में प्रथम नियुक्ति दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय करमाकला (धरियावद) से प्रारंभ की थी। इसके दो वर्ष बाद मावली ब्लॉक के सिंधु में उनका पदस्थापन हुआ। मात्र एक वर्ष की सेवा के पश्चात् डांगी को उनके निवास गाँव फतहपुरा विद्यालय में सात वर्ष की सेवाएं प्रदान करने के साथ ही सवानिया स्कूल में इक्कीस वर्षों तक निरंतर सेवा का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।
विदाई पूर्व आयोजित विशेष कार्यक्रम और स्नेह भोज
अपनी सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में फरवरी माह में ही डांगी द्वारा विद्यालय परिवार, स्टाफ, ग्रामवासियों, ब्लॉक कार्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों को "कृष्ण भोज" का आयोजन कर आशीर्वाद लिया गया था। गुरूवार को विद्यालय स्टाफ द्वारा भी "कृष्ण भोग" का आयोजन कर डांगी का अभिनंदन किया गया। शुक्रवार को शिक्षक संघ राष्ट्रीय के पदाधिकारी शैलेश कोठारी के जन्म दिवस पर आयोजित स्नेह भोज और कृष्ण भोग कार्यक्रम के बाद डांगी का संभागियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में तिलक लगाकर, उपरणा ओढ़ाकर, मेवाड़ी पाघ पहनाकर एवं श्री फल भेंट कर सम्मान किया गया।
जुलूस के साथ पैतृक गांव फतहपुरा प्रस्थान
शनिवार को विद्यालय समय के पश्चात विद्यालय परिसर से विदाई समारोह आयोजित किया गया। इसके उपरांत एक भव्य जुलूस के साथ डांगी अपने निवास गाँव फतहपुरा पहूँचे। गाँव पहुँचने पर उन्होंने फतहपुरा के मंदिरों में दर्शन किए और इसके पश्चात आयोजित स्नेह भोज ग्रहण कर डांगी परिवार को कृतार्थ किया। इस स्नेह भोज की संपूर्ण व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से देखने में तेज शंकर डांगी ने विशेष सहयोग प्रदान किया। उक्त समस्त जानकारी डांगी समाज के युवा जनप्रतिनिधि केशु लाल डांगी द्वारा साझा की गई। डांगी की इक्कतीस वर्ष की इस गौरवमयी राजकीय सेवा का समापन शनिवार को भावुक विदाई के साथ संपन्न हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
