मालीफला ग्राम पंचायत में सामाजिक अंकेक्षण सभा, मनरेगा-आवास योजना के 66 कार्यों की समीक्षा
मालीफला ग्राम पंचायत में सामाजिक अंकेक्षण ग्राम सभा में मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के 66 कार्यों की समीक्षा की गई।

तस्वीर में नयागांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत मालीफला में आयोजित सामाजिक अंकेक्षण ग्राम सभा के दौरान बैठे ग्रामीण और अधिकारी नजर आ रहे हैं।
नयागांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत मालीफला में सरपंच प्रशासक रमण लाल भगोरा की अध्यक्षता में सामाजिक अंकेक्षण ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम सभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम छमाही के अंतर्गत 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2025 तक मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से संबंधित कार्यों को अनुमोदन एजेंडा में शामिल किया गया।
ग्राम सभा में मनरेगा के 10 सार्वजनिक विकास कार्य तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 56 व्यक्तिगत लाभार्थी कार्यों सहित कुल 66 कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। अंकेक्षण टीम ने 4 से 8 अगस्त तक संबंधित कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान पूर्ण, अपूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की स्थिति से ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
बीआरपी चंदूलाल मेघवाल ने ग्राम सभा में स्वीकृत एवं व्यय राशि का विवरण पढ़कर सुनाया। इसके साथ ही वीबी-जी रामजी योजना के तहत श्रमिकों की ई-केवाईसी, गारंटी कार्ड में नाम जोड़ने, नए कार्ड बनाने, श्रमिकों के हक-अधिकार, मजदूरी भुगतान एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सामाजिक अंकेक्षण ग्राम सभा की प्रक्रिया को पंचायत निर्णय एप पर मैपिंग के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
ग्राम पंचायत क्षेत्र के मालीफला, भगोरपाड़ा एवं सुखापाड़ा राजस्व ग्रामों में सार्वजनिक विकास के लिए 6 नवीन कार्य स्वीकृत कराने हेतु सर्वसम्मति से प्रस्ताव अनुमोदन एजेंडा में शामिल किए गए।
ग्राम सभा में ग्राम विकास अधिकारी दिव्या पटेल, कनिष्ठ लिपिक सागरमल भणात, वीआरपी मंशा देवी, वार्डपंच उमिया देवी भगोरा, अर्जुन लाल डामोर, चुन्नीलाल डामोर, दयाराम कटारा, एलएस भावना आमलिया, शिक्षक हरिश्चंद्र भील, मेट नरेश कुमार भगोरा सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के कार्यों की स्थिति, स्वीकृत एवं व्यय राशि तथा योजनाओं से जुड़े श्रमिक अधिकारों की जानकारी ग्राम सभा के समक्ष रखी गई।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
