उदयपुर। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए उदयपुर पुलिस ने सोमवार तड़के एक व्यापक अभियान चलाते हुए जिलेभर में ताबड़तोड़ दबिश दी। अलसुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने 265 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जिनमें हत्या के प्रयास, लूट, अवैध हथियार, मादक पदार्थ, आबकारी और अन्य गंभीर प्रकरणों में वांछित आरोपी शामिल हैं।

एसपी योगेश गोयल के निर्देशन में यह विशेष अभियान 3 नवम्बर की भोर में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य वांछित अपराधियों की धरपकड़, आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और ‘रेड एरिया डोमिनेंस’ स्थापित करना था। इसके तहत जिले के सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 92 से अधिक पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों में करीब 390 पुलिस अधिकारी और जवानों ने भाग लिया।

पुलिस बल ने संयुक्त रूप से जिले के 645 से अधिक स्थानों पर आकस्मिक दबिश दी। इस दौरान 265 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 77 वांछित अपराधी शामिल हैं। इनमें स्थायी वारंटी, गिरफ्तारी वारंटी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, हत्या के प्रयास और अन्य जघन्य मामलों में लिप्त अपराधी भी शामिल हैं।

पुलिस ने अभियान के दौरान 10 आबकारी प्रकरण दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं 4 आर्म्स एक्ट मामलों में 2 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा 3 व्यक्तियों को विभिन्न अधिनियमों के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीमों ने 75 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर दबिश देकर पूछताछ की और उनके आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई।

यह व्यापक कार्रवाई उदयपुर पुलिस की सक्रियता और अपराध पर नियंत्रण की प्रतिबद्धता का स्पष्ट संकेत है। इस अभियान से जिले में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है और कानून-व्यवस्था पर पुलिस की मजबूत पकड़ एक बार फिर साबित हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story