महीडा में पहली बार गठित हुई ग्राम पंचायत, रागिनी डामोर ने संभाली सरपंच की जिम्मेदारी
खेरवाड़ा की नयागांव पंचायत समिति क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत महीडा में पहली बार पंचायत का गठन हुआ। रागिनी डामोर ने सरपंच पद संभाला और शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क व पेयजल को प्राथमिकता देने की बात कही।

महीडा पंचायत के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान नवनिर्वाचित सरपंच रागिनी डामोर और ग्रामीण नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा। नयागांव पंचायत समिति क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत महीडा में पहली बार पंचायत का गठन हुआ। बुधवार को नवनिर्वाचित सरपंच रागिनी डामोर ने पंचायत मुख्यालय पर आयोजित समारोह में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपसरपंच एवं सभी नवनिर्वाचित वार्ड पंचों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
पदभार ग्रहण समारोह की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद सरपंच रागिनी डामोर, उपसरपंच और सभी वार्ड पंचों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में साकर चंद लबाना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूर्व सरपंच जगदीश डामोर, सूरजमल मीणा एवं कन्हैयालाल लबाना विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता गौतमलाल पटेल ने की।
समारोह में भाजपा कार्यकर्ता दिनेश कुमार मीणा, महेंद्र पटेल, दिनेश पटेल, दीपक पटेल, नाथूलाल पटेल, रूपलाल पटेल, सुनील पटेल, नरेश पटेल, युगल पंचाल एवं कुणाल व्यास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच रागिनी डामोर ने ग्राम पंचायत के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी के सहयोग से महीडा को आदर्श ग्राम पंचायत बनाने का प्रयास किया जाएगा।
नवगठित ग्राम पंचायत में पहली बार निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पदभार ग्रहण के साथ पंचायत स्तर पर विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं को लेकर नई जिम्मेदारियों की शुरुआत हुई।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
