उदयपुर। त्याग, तपस्या और साधना की अटूट डोर को मजबूत करते हुए श्री महावीर युवा मंच संस्थान महिला प्रकोष्ठ द्वारा सोमवार को अशोक नगर स्थित विज्ञान समिति सभागार में 'तपस्वी सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह' का भव्य आयोजन किया गया। सकल जैन समाज के बैनर तले आयोजित इस गरिमामय समारोह में नगर निगम की पूर्व महापौर रजनी डांगी, सकल जैन समाज के अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत, दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष शांतिलाल वेलावत एवं ओसवाल बड़े साजन सभा के अध्यक्ष कुलदीप नाहर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर तीन या उससे अधिक वर्षीतप की कठिन साधना पूर्ण करने वाले समाज के 51 महातपस्वी श्रावक-श्राविकाओं का मेवाड़ी परंपरा के अनुरूप मुकुट, मोदक, शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीना अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर राजकुमार फत्तावत ने समाज की आगामी लोकहितकारी योजनाओं की घोषणा करते हुए बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जैन समाज की 1000 से अधिक महिलाएं 'ग्रीन उदयपुर-क्लीन उदयपुर' का संकल्प लेकर फतहसागर की पाल पर वॉकाथॉन करेंगी, साथ ही उदयपुर को वैश्विक मानचित्र पर गौरव दिलाने हेतु 101 महिलाओं की एक विशेष ब्रिगेड का गठन भी किया जाएगा।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रजनी डांगी ने कहा कि समाज के तपस्वियों को अपने आचरण और जीवन शैली से नई पीढ़ी को प्रेरित करना चाहिए। शांतिलाल वेलावत और कुलदीप नाहर ने भी तपस्या की कठिन साधना को आत्मशुद्धि का मार्ग बताते हुए अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के विशिष्ट चरण में प्रशासनिक सेवाओं में चयन होकर समाज का नाम रोशन करने वाले जुहिल कोठारी एवं अर्चित कंठालिया को 'जैन रत्न' से नवाजा गया, वहीं महिला प्रकोष्ठ की पूर्व अध्यक्ष विजयलक्ष्मी गलूंडिया का 'कैट' में राष्ट्रीय सह सचिव मनोनीत होने पर विशेष सम्मान किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की कड़ी में सुमन डामर, मंजू मेहता, पुष्पा सुराणा, हेमलता आंचलिया, लक्ष्मी कोठारी और अंशु जैन ने सुंदर नाट्य प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सम्मानित होने वाले 51 महातपस्वियों में दौलत बाई बोलिया, आशा बाबेल, शकुंतला सिसोदिया, संपत कुवंर नाहर, सुशीला नाहर, नीलम सुराणा, नाथी देवी तलेसरा, प्रेम देवी गोखरू, पूर्णिमा भूतालिया, यशवंत पोरवाल, विजयलक्ष्मी मुर्डिया, मंजुलता मोगरा, संजय मेहता, प्रमिला सोलंकी, बसंत कंठालिया, सुमित्रा छाजेड़, लाडजी बाई वाया, पवन गन्ना, लक्ष्मी बैद, मदन देवी लोढ़ा, सुशीला लोढ़ा, पिस्ता देवी सिसोदिया, भूरी देवी सिंघवी, पुष्पा सुराणा, कंचन हरकावत, शकुंतला कोठारी, उषा कोठारी, मीठालाल तलेसरा, चंद्रकला खाब्या, गिरीश खाब्या, सुशील मेहता, सुनीता बाबेल, पुष्पा कोठारी, कुलदीप नाहर, निर्मला देवी मेहता, अंगूर बाला कटारिया, पुष्पा पोरवाल, निर्मला समिचा वाला, अनामिका सेठिया, ज्योति गौरवाड़ा, सुशीला भाणावत, विजयसिंह भाणावत, वीणा चपलोत, कुसुम चपलोत, निर्मला कच्छारा, अनिता बोकड़िया, पुष्पा लोढ़ा, गिरिजा मेहता, कलावती अम्बावत, मीनू नाहर एवं वैभव चौधरी शामिल रहे।

समारोह के अंतिम चरण में श्री महावीर युवा मंच महिला प्रकोष्ठ की नवनियुक्त अध्यक्ष सोनल सिंघवी एवं उनकी टीम ने आगामी दो वर्ष के कार्यकाल हेतु पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कार्यकारिणी में सोनल सिंघवी (अध्यक्ष), कल्पना बोहरा, भावना शाह, ममता जैन, अमिता डांगी (उपाध्यक्ष), प्रिया झगड़ावत (महामंत्री), कल्पना वस्तावत (कोषाध्यक्ष), सरोज चित्तौड़ा, चित्रलेखा तलेसरा, हेमलता आंचलिया, शशि सिरोया (मंत्री), स्नेह सिरोया एवं सोनिया जैन (विशेष सहयोगी सदस्य) ने शपथ ग्रहण की, जबकि आशा कोठारी, विजय लक्ष्मी गलूंडिया व ऋतु मारू को संरक्षिका मनोनीत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. सोनिका जैन ने किया। यह आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना और महिला सशक्तिकरण के अनूठे संगम के रूप में संपन्न हुआ।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story