उदयपुर। भावना की शुद्धता जब सेवा के संकल्प से जुड़ती है, तो वह कार्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सामर्थ्य रखती है। गली-नुक्कड़ों से आरंभ हुई महावीर इंटरनेशनल की सेवा यात्रा आज एक वृहद राष्ट्रीय स्वरूप ले चुकी है। इसी सेवा भाव को विस्तार देते हुए महावीर इंटरनेशनल और देश के प्रतिष्ठित फैशन ब्रांड बीबा ने संयुक्त रूप से 'खुशियों का बाजार' नामक एक राष्ट्रीय अभियान की घोषणा की है। इस अनूठी पहल के अंतर्गत अशोकनगर स्थित बीबा शोरूम पर उदयपुर केंद्र के अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा के नेतृत्व में टीम ने पहुंचकर योजना को मूर्त रूप दिया।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा ने प्रतीकात्मक रूप से बीबा शोरूम पर वस्त्र दान किया, जिसके बदले शोरूम प्रबंधन द्वारा उन्हें 500 रुपये का गिफ्ट वाउचर प्रदान किया गया। इस अभियान का मूल उद्देश्य अनुपयोगी परंतु उपयोग योग्य वस्त्रों को ससम्मान जरूरतमंदों तक पहुँचाकर उन्हें खुशी, आत्मसम्मान और गर्माहट प्रदान करना है। बीबा के प्रवक्ता ने इस अवसर पर कहा कि फैशन केवल पहनावा नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है और 'खुशियों का बाजार' के माध्यम से वे ग्राहकों को 'फैशन विद कम्पेशन' का हिस्सा बना रहे हैं।

स्टोर प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि दानदाताओं को प्राप्त होने वाले 500 रुपये के गिफ्ट वाउचर का उपयोग पहली खरीद के दौरान भी किया जा सकता है। महावीर इंटरनेशनल के माध्यम से इन वस्त्रों का वितरण जरूरतमंद महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों, प्रवासी श्रमिकों एवं आपदा प्रभावित परिवारों के बीच सुनिश्चित किया जाएगा। वस्त्र दान की इस मुहिम ने न केवल सेवा के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश की है, बल्कि यह भी सिद्ध किया है कि व्यावसायिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों का समन्वय समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कितना प्रभावी हो सकता है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story