महावीर इंटरनेशनल का 'सेवा पखवाड़ा' 1 जुलाई से, मिलेगा ब्यूटी केयर प्रशिक्षण
जयपुर में 1 से 14 जुलाई तक विभिन्न सेवा कार्यक्रम होंगे, वहीं महिलाओं के लिए वीएलसीसी के सहयोग से व्यावसायिक कोर्स शुरू किया जाएगा।

महावीर इंटरनेशनल एसोसिएशन, जयपुर अपने 52वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 1 से 14 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में 'सेवा पखवाड़ा' आयोजित करेगा। इस दौरान सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए VLCC के सहयोग से ब्यूटी एंड हेयर केयर स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम भी प्रारंभ किया जाएगा।
संभागीय अध्यक्ष निर्मल सिंघवी ने बताया कि महावीर इंटरनेशनल का मूल मंत्र "सबकी सेवा, सबको प्यार – जियो और जीने दो" है। इसी भावना के अनुरूप सेवा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों तक राहत एवं सहयोग पहुंचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि संभाग के 14 केंद्र—आमेट, मैत्री वीरा केंद्र आमेट, केलवा, कुंवारिया, दरीबा, बनेडिया, राजसमंद, त्रिशला कांकरोली, वर्धमान कांकरोली, नाथद्वारा, श्रीनाथजी यूथ, भोपाल सागर, खमनोर तथा गांवगुढ़ा—इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
सेवा पखवाड़े की शुरुआत 1 जुलाई को 'खुशियों का बाजार' कार्यक्रम से होगी, जिसके तहत जरूरतमंदों को वस्त्र एवं शैक्षणिक सामग्री वितरित की जाएगी। 3 जुलाई को विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शैक्षणिक सामग्री वितरण और स्वास्थ्य परीक्षण आयोजित होगा। 4 जुलाई को स्थापना दिवस के अवसर पर किशोरी बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया जाएगा। 5 एवं 11 जुलाई को रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे, जबकि 6 जुलाई को वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
8 जुलाई को वृद्धाश्रम एवं अनाथालयों का भ्रमण कर भोजन, चश्मे, दवाइयों तथा आवश्यक सामग्री वितरित की जाएगी। 9 जुलाई को वात्सल्य प्रोजेक्ट के तहत बेबी किट और गरिमा प्रोजेक्ट के अंतर्गत सेनेटरी पैड वितरण के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। 10 जुलाई को 'सुकून की छांव' अभियान के तहत सड़क विक्रेताओं को छाते वितरित किए जाएंगे। 12 जुलाई को नेत्र जांच शिविर, 13 जुलाई को जल संरक्षण अभियान तथा 14 जुलाई को वॉकाथॉन एवं जनजागरूकता रैली के साथ सेवा पखवाड़े का समापन किया जाएगा।
सेवा पखवाड़े के दौरान 1 से 14 जुलाई तक सभी केंद्र अपने-अपने क्षेत्रों से आर्थिक रूप से कमजोर एवं योग्य युवाओं, विशेषकर महिलाओं का चयन करेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को VLCC लिमिटेड के सहयोग से तीन माह का प्रोफेशनल ब्यूटी एंड हेयर केयर सर्टिफिकेट कोर्स कराया जाएगा।
संभागीय अध्यक्ष निर्मल सिंघवी ने बताया कि इस कोर्स की वास्तविक फीस 50 हजार रुपये है, लेकिन विशेष योजना के तहत प्रशिक्षणार्थी को केवल 5 हजार रुपये का योगदान देना होगा। शेष 10 हजार रुपये महावीर इंटरनेशनल एपेक्स द्वारा वहन किए जाएंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को इंडस्ट्री रिकग्नाइज्ड सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को 14 जुलाई 2026 तक आवेदन पत्र पूर्ण कर एपेक्स कार्यालय में जमा कराने होंगे। प्रवेश 'फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व' के आधार पर दिया जाएगा तथा सीटें सीमित रहेंगी।
संभागीय अध्यक्ष ने सभी केंद्रों और समाजजनों से "शिक्षा का दान—सर्वश्रेष्ठ दान" के संकल्प के साथ सेवा पखवाड़े और स्किल डेवलपमेंट योजना को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह अभियान सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
