हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने और वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में 17 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में सोमवार प्रातः गांधी ग्राउण्ड में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। भूमि पूजन के साथ ही सभा के लिए विशाल पाण्डाल निर्माण कार्य भी आरंभ कर दिया गया।

“ॐ वसुंधरायै विद्महे भूतधात्र्यै धीमहि तन्नो भूमिः प्रचोदयात्” मंत्र के उच्चारण के बीच पृथ्वी माता का वंदन कर आयोजित भूमि पूजन में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत और उनकी पत्नी डॉ. रजनी पी. रावत ने मुख्य यजमान की भूमिका निभाई। पंडित योगेश श्रीमाली एवं पुजारी लक्ष्मण के पौरोहित्य में सम्पन्न इस अनुष्ठान में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलका मूंदड़ा, बड़गांव प्रधान प्रतिभा नागदा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक हेमेन्द्र श्रीमाली, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक कुमार शुक्ल, उपाध्यक्ष अशोक पुरोहित, सुहास मनोहर, सुभाष भार्गव, मंत्री डॉ. रमन सूद, कार्यकारिणी सदस्य चंद्रगुप्त सिंह चौहान, नरेन्द्र मीणा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र द्वारा आयोजित इस राष्ट्र चेतना संकल्प सभा का आयोजन 17 जून को प्रातः 9:30 बजे महाराणा भूपाल स्टेडियम गांधी ग्राउण्ड में किया जाएगा। सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि आयोजन स्थल पर तीन विशाल डोम बनाए जा रहे हैं। मुख्य मंच के दोनों ओर अतिथियों के लिए एक-एक अतिरिक्त मंच भी तैयार किया जाएगा। सभा में आने वाले आगंतुकों के बैठने के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए जाएंगे। मैदान में चिकित्सा, जल एवं साहित्य से संबंधित स्टाल्स स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही महाराणा प्रताप के शौर्य और पराक्रम को प्रदर्शित करने वाली विशेष चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि महाराणा प्रताप के हल्दीघाटी युद्ध विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विशेष संयोग यह है कि 18 जून को मनाए जाने वाले हल्दीघाटी विजय दिवस से ठीक एक दिन पूर्व 17 जून को ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया तिथि है, जिस तिथि पर महाराणा प्रताप का जन्म हुआ था। इसी कारण पूरे देश में 17 जून को महाराणा प्रताप जयंती मनाई जाएगी। इसी दिन हल्दीघाटी विजय के 450वें वर्ष के उपलक्ष्य में प्रताप गौरव केन्द्र के तत्वावधान में आयोजित वर्षभर के कार्यक्रमों का भी समापन होगा। यह आयोजन राष्ट्र चेतना, इतिहास गौरव और महाराणा प्रताप के अद्वितीय शौर्य के स्मरण का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story