फतहनगर (प्रात:काल संवाददाता)। उदयपुर जिले के मावली उपखण्ड क्षेत्र के खरताणा गांव में सोमवार को दानवीरता और शिक्षा के प्रति समर्पण का एक अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ भामाशाह हिरण परिवार द्वारा अपने पूज्य स्वर्गीय पिता की स्मृति और उनकी अंतिम इच्छा के अनुरूप निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित विशाल विद्यालय का भव्य लोकार्पण समारोह संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी सहित हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने हिरण परिवार के इस अभूतपूर्व सेवा कार्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि यह विद्यालय न केवल इस क्षेत्र की शैक्षिक तस्वीर बदलेगा, बल्कि भविष्य में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने गर्व के साथ उल्लेख किया कि शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान ने लंबी छलांग लगाते हुए देश में 14वें स्थान से चौथे स्थान पर अपनी जगह बनाई है और सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों की तुलना में उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। दिलावर ने खरताणा विद्यालय की भव्यता को देखते हुए इसे 'पीएम श्री योजना' में शामिल करवाने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया और आश्वस्त किया कि यहाँ शीघ्र ही बोर्ड परीक्षा केंद्र की स्थापना और विभिन्न महत्वपूर्ण संकाय शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी तर्ज पर सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था और मंदिरों को पट्टे देने की बड़ी घोषणाएं कीं।

समारोह के विशिष्ट अतिथि जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने स्थानीय ग्रामीणों की पुरजोर मांग पर खरताणा बांध में जल की पर्याप्त आवक सुनिश्चित करने हेतु हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद सी.पी. जोशी ने हिरण परिवार के योगदान को भामाशाहों की महान परंपरा का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा कि शिक्षा में निवेश किया गया यह पुण्य कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए वरदान बनेगा। जोशी ने पिछले दशक में क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास का खाका खींचते हुए बताया कि केंद्रीय निधि से पांच महत्वपूर्ण सड़कें स्वीकृत हुई हैं, साथ ही मावली व फतहनगर स्टेशनों का कायाकल्प और उदयपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बागोलिया बांध हेतु 200 करोड़ रुपये की स्वीकृति का जिक्र करते हुए खरताणा बांध को भरने की मांग का समर्थन किया। लोकार्पण के इस पावन अवसर पर भामाशाह कमला देवी एवं समस्त हिरण परिवार का अतिथियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भव्य सम्मान किया गया।

समारोह का कुशल संचालन दिलीप त्रिपाठी ने किया, जबकि उपखण्ड अधिकारी मावली रमेशचंद्र सिरवी पुनाड़िया के मार्गदर्शन में ब्लॉक व पंचायत स्तरीय अधिकारियों के सहयोग से पूरी व्यवस्था सुव्यवस्थित रही। कार्यक्रम में मावली विधायक पुष्कर लाल डांगी, विधानसभा प्रभारी कृष्ण गोपाल पालीवाल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रतिभा गुप्ता, जिलाध्यक्ष पुष्कर लाल तेली, नरेन्द्र सिंह आसोलिया, रोशन लाल सुथार, कैलाश गाडरी, जीवन सिंह बोयणा, नितिन सेठिया, सुशील ओस्तवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। शिक्षा विभाग की ओर से विरेंद्र सिंह यादव, सीबीईओ सुखलाल गुर्जर, गोपाल मेनारिया सहित विभिन्न पीईईओ और प्रधानाचार्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सांस्कृतिक मंच पर प्रेमशंकर सालवी एवं साथियों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। यह लोकार्पण समारोह न केवल एक भवन का उद्घाटन था, बल्कि शिक्षा की अलख जगाने वाले एक नए युग का सूत्रपात था।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story