उदयपुर के ऐतिहासिक गोगुंदा स्थित राजतिलक स्थली पर प्रातः स्मरणीय वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर भव्य और विशाल समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान दोपहर 2 बजे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला गोगुंदा स्थित प्रताप राजतिलक स्थली पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले महादेव बावड़ी स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा, राणा पूंजा की प्रतिमा तथा महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात वे मुख्य सभा स्थल पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक स्वागत किया गया और उन्होंने आमजन को संबोधित किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह पावन भूमि गोगुंदा महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और बाह्य आक्रांताओं के विरुद्ध संघर्ष की साक्षी रही है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने मेवाड़ के आदिवासी एवं गरीब वर्ग को साथ लेकर राष्ट्ररक्षा का संकल्प लिया, जो आज भी अनुकरणीय है। सत्ता और वैभव का त्याग कर उन्होंने जंगलों में जीवन व्यतीत किया, जो उनके अदम्य साहस और स्वाभिमान का प्रतीक है।

महाराणा प्रताप के योगदान को स्मरण करते हुए बिड़ला ने कहा कि मेवाड़ का स्वर्णिम इतिहास वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रताप का संघर्ष केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे भारत और विश्व के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गोगुंदा में हुआ महाराणा प्रताप का राजतिलक सत्ता या वैभव के लिए नहीं, बल्कि प्रजा सेवा, स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए था। इस अवसर पर उन्होंने राणा पूंजा भील, दानवीर भामाशाह और चेतक को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया तथा युद्ध में सहभागी रहे आदिवासी समाज के योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं और मातृशक्ति से आह्वान किया कि वे महाराणा कुंभा, महाराणा सांगा, महाराणा प्रताप और महारानी पद्मिनी जैसी विभूतियों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

समारोह में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक प्रतापलाल गमेती, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीना तथा देहात भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में लोकसभा अध्यक्ष सहित सभी अतिथियों ने भारत माता, महाराणा प्रताप और राणा पूंजा की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित कर जयंती समारोह का शुभारंभ किया। स्थानीय नेताओं द्वारा पारंपरिक मेवाड़ी पाग, उपरणा, प्रतिमा भेंट तथा 101 किलो की माला से उनका स्वागत किया गया। युवाओं द्वारा भागवत गीता और तीर-कमान भेंट किए गए।

इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ने गोगुंदा की खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया तथा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के लाभार्थियों से संवाद भी किया। साथ ही उन्होंने गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र में 25 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी एवं दयालाल चौधरी ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story