एलआईसी का बड़ा मानवीय कदम: मात्र 6,754 रुपये के प्रीमियम पर मिला 2.51 लाख का बीमा दावा
एलआईसी ने मात्र 6,754 रुपये के प्रीमियम पर मृतक पॉलिसीधारक के परिवार को 2.51 लाख रुपये का बीमा दावा सौंपा। जानिए कैसे मिली यह त्वरित सहायता।

तस्वीर में एलआईसी अधिकारी और जनप्रतिनिधि खेरवाड़ा में मृतक पॉलिसीधारक की पत्नी को बीमा दावा राशि के दस्तावेज सौंपते हुए।
खेरवाड़ा में भारतीय जीवन बीमा निगम की ओर से एक सराहनीय उदाहरण पेश करते हुए मृतक पॉलिसीधारक के परिजनों को बीमा राशि का त्वरित भुगतान किया गया है। खडकाया निवासी स्वर्गीय जितेंद्र पाण्डोर ने एलआईसी अभिकर्ता चंद्रिका के माध्यम से पॉलिसी ली थी, जिसमें उनकी पत्नी लीला देवी को नॉमिनी नामित किया गया था। जितेंद्र पाण्डोर के आकस्मिक निधन के उपरांत एलआईसी द्वारा मात्र 6,754 रुपये के प्रीमियम भुगतान के आधार पर 2,51,756 रुपये की मृत्यु दावा राशि स्वीकृत की गई।
बीमा अभिकर्ता चंद्रिका के माध्यम से मृतक की पत्नी लीला देवी ने दावा भुगतान से संबंधित समस्त आवश्यक दस्तावेज एलआईसी के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मनोज पांडेय को सौंपे। विकास अधिकारी निरंजन दरंगा ने इस प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सभी जरूरी दस्तावेज समय पर पूर्ण किए जाने के कारण गरीब परिवार को अत्यंत कम समय में बीमा दावा राशि का लाभ मिल सका।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय वरिष्ठ नागरिक हेमचंद और वार्ड पंच रणजीत भगोरा ने भारतीय जीवन बीमा निगम के अधिकारियों एवं प्रशासनिक टीम द्वारा दावा निस्तारण और शीघ्र भुगतान की कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. शांति लाल खराड़ी, भोमटा वाडा पीईईओ बलदेव दरगा सहित एलआईसी के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान जीवन बीमा अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा नॉमिनी को चेक प्रदान किया गया। समयबद्ध तरीके से हुआ यह भुगतान एलआईसी की त्वरित सेवा और पॉलिसीधारकों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
